Latest news

भाजपा का ‘प्रशिक्षण महाअभियान 2026’: दो दिवसीय कार्यशाला में संगठन से लेकर सोशल मीडिया तक दिए गए गुर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के तहत बिलासपुर शहर में मंडल स्तरीय दो दिवसीय कार्यशाला प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। भाजपा जिला कार्यालय, स्व. लखीराम ऑडिटोरियम और गजानंद परिसर (पारिजात कॉलोनी) में पूर्वी, उत्तरी, दक्षिणी और रेलवे मंडलों के कार्यकर्ताओं के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित हुए, जिनमें प्रदेश, जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।


प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को सात प्रमुख विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इनमें वैचारिक अधिष्ठान, बूथ प्रबंधन, कार्यविस्तार, पार्टी का इतिहास एवं विकास, सोशल मीडिया-एआई-नमो ऐप का उपयोग, कार्य पद्धति तथा सरकार की उपलब्धियां एवं उनके क्रियान्वयन जैसे विषय शामिल रहे।
प्रशिक्षण के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अनुभवी पदाधिकारियों को वक्ता के रूप में जिम्मेदारी दी गई थी। वक्ताओं में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, प्रांत संयोजक विश्व संवाद केंद्र प्रफुल्ल शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी एवं प्रदीप कौशिक, नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी तथा जिला संपर्क प्रमुख पूर्णेंदु भट्ट शामिल रहे।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित राजनीतिक दल है, जो ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट, स्वयं अंतिम’ की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि पार्टी का आधार किसी परिवार, वंश, जाति या मजहब पर नहीं, बल्कि सिद्धांतों पर आधारित है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानवदर्शन और पंच निष्ठाओं—राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय एकात्मता, लोकतंत्र, शोषणमुक्त एवं समतायुक्त समाज, सकारात्मक पंथनिरपेक्षता (सर्वधर्म समभाव) और मूल्य आधारित राजनीति के साथ आर्थिक-राजनीतिक विकेंद्रीकरण को पार्टी का मूल बताया।
वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने संगठनात्मक कार्यपद्धति पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक संगठन एक लक्ष्य के साथ शुरू होता है और उसे हासिल करने के लिए अनुशासित व व्यवस्थित कार्यपद्धति आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विशाल संगठन कार्यकर्ताओं के विकास, समन्वय, आत्मीयता और पारिवारिक भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने प्रशिक्षु कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और नीतियों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया, एआई और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी माध्यमों के प्रभावी उपयोग और क्रियान्वयन को समझना संगठनात्मक मजबूती के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण कश्यप, शैलेन्द्र यादव, देवेन्द्र पाठक, राकेश लालवानी, मनोज सोनी और एस. श्रीनिवास राव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।