बिलासपुर। शहर के ऐतिहासिक राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति रात्रिकालीन अखिल भारतीय ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। 16 साल बाद स्टेडियम दूधिया रोशनी से जगमगा उठा, जहां आतिशबाजी और उत्साह के बीच खिलाड़ियों ने मैदान संभाला।



मुख्य अतिथि के रूप में धरमलाल कौशिक, कार्यक्रम की अध्यक्षता अमर अग्रवाल ने की। वहीं पूजा विधानी, दीपक सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
राष्ट्रीय स्तर का मंच, क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
उद्घाटन अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक ने स्व. लखीराम अग्रवाल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी स्मृति में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट के जरिए बिलासपुर के क्रिकेट प्रेमियों को आईपीएल और टी-20 स्तर के खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर मिलेगा।
विधायक अमर अग्रवाल ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे शहर के खेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
8 राज्यों की टीमें, 45 प्रोफेशनल खिलाड़ी
आयोजन समिति के प्रमुख प्रवीण दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता 21 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित होगी। इसमें देशभर के 8 राज्यों की 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें आईपीएल और रणजी ट्रॉफी से जुड़े करीब 45 खिलाड़ी शामिल हैं।
सेमीफाइनल मुकाबले 27 और 28 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि 29 मार्च को फाइनल और पुरस्कार वितरण होगा।
उद्घाटन मैच में नागपुर की जीत
पहले मुकाबले में गाजियाबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 185 रन बनाए। जवाब में वीटीसीए नागपुर की टीम ने 17 ओवर में 5 विकेट खोकर 190 रन बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की।
मोहम्मद इरफान – 65 रन
आकाश – 35 रन
मैन ऑफ द मैच: मोहम्मद इरफान
खड़गपुर की एकतरफा जीत
दूसरे मैच में खड़गपुर ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन बनाए।
जवाब में जौनपुर की टीम 10.3 ओवर में 67 रन पर ऑलआउट हो गई।
खड़गपुर की जीत: 141 रन से
मैन ऑफ द मैच: आशीष डेहरिया
आयोजन में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम में आयोजन समिति के सुशांत राय, राजेंद्र भंडारी, संतोष साहू, ओपी यादव, सतीश गोयल, हितेश केसरी, नवीन जाजोदिया, बंटी अग्रवाल सहित कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
वहीं टीम ऑनर्स में संजय अग्रवाल, प्रवीण झा, सुनील छाबड़ा, डॉ. रजनीश पांडे और रवि मोटवानी की उपस्थिति भी रही।
मैदान पर चौके-छक्कों के साथ चीयर लीडर्स का प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिससे हर मैच एक उत्सव जैसा माहौल पैदा कर रहा है।



