
बिलासपुर। शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक इलाकों में शामिल प्रताप चौक में बीती रात भीषण आग ने कहर बरपा दिया। ‘साक्षी फैशन’ (गर्ल्स एवं जेंट्स वियर) नामक कपड़े का शोरूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में दुकान का पूरा सामान राख में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक शोरूम से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया।
दिल्ली में थे संचालक, रात 3 बजे मिली सूचना
दुकान संचालक कृष्णा बनर्जी उस समय दिल्ली में कपड़ा खरीदने गए हुए थे। उन्हें घटना की जानकारी रात करीब 3 बजे मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने अपने परिजनों को अलर्ट किया। उनका छोटा भाई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
स्थानीय लोगों ने संभाली मोर्चा, अन्य दुकानों को बचाया
मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरपूर कोशिश की। इस दौरान आग की लपटें पास की दुकानों तक पहुंचने लगी थीं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते किए गए प्रयासों से अन्य दुकानों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
दमकल की देरी पर सवाल
घटना में सबसे बड़ा सवाल दमकल विभाग की देरी को लेकर उठ रहा है। संचालक कृष्णा बनर्जी का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि अगर दमकल टीम समय पर पहुंचती, तो नुकसान कम हो सकता था।
सुबह तक चला रेस्क्यू, तब तक सब कुछ खत्म
लगातार प्रयासों के बाद सुबह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा शोरूम जल चुका था। बाद में पहुंची दमकल टीम ने आग को पूरी तरह नियंत्रित किया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, साजिश से इनकार
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं, संचालक ने किसी भी तरह की साजिश की आशंका से इनकार किया है।
यह घटना एक बार फिर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर गई है।

