Latest news

लावारिस खड़ी टाटा Ace से 40 किलो गांजा बरामद: गाड़ी के नीचे बने गुप्त चैंबर में छिपाकर रखी थी 25 लाख की खेप

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

Bilaspur। बिलासपुर जिले में मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम भरनी मेला ग्राउंड, पिंडारी मोड़ के पास दो दिन से लावारिस खड़ी एक टाटा Ace वाहन से पुलिस ने करीब 40 किलो गांजा बरामद किया है। वाहन की तलाशी के दौरान गाड़ी के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने वाहन और गांजे को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो दिन से खड़ी थी लावारिस गाड़ी, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
थाना सकरी पुलिस को 15 मार्च 2026 को सूचना मिली कि ग्राम भरनी मेला ग्राउंड, पिंडारी मोड़ के पास एक वाहन पिछले दो दिनों से संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में वाहन सामान्य दिखाई दिया, लेकिन पुलिसकर्मियों को गाड़ी से गांजा जैसी तेज गंध महसूस हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली।
वाहन के नीचे बने गुप्त चैंबर में छिपा था गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को पता चला कि वाहन क्रमांक CG 29 A 3487 (टाटा Ace) के नीचे विशेष रूप से एक गुप्त चैंबर बनाया गया था।
जब इस चैंबर को खोला गया तो उसमें गांजे के पैकेट छिपाकर रखे हुए मिले। पुलिस ने चैंबर से करीब 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
बरामद गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।
वाहन और गांजा जप्त, तस्करों की तलाश शुरू
सकरी पुलिस ने टाटा Ace वाहन क्रमांक CG 29 A 3487 को जप्त कर लिया है। साथ ही बरामद 40 किलो गांजे को भी विधिवत सील कर जब्ती की कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात तस्कर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।