बिलासपुर ,छत्तीसगढ़।
शहर में अपराध और यातायात नियमों की अनदेखी पर शिकंजा कसते हुए बिलासपुर पुलिस ने नंबर प्लेट में गड़बड़ी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। अब बिना नंबर प्लेट, फर्जी या अमानक नंबर प्लेट वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल तक नहीं मिलेगा। पुलिस ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को साफ निर्देश दिए हैं कि ऐसे वाहनों को ईंधन देने से मना करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।





उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस और यातायात विभाग द्वारा शहर और जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और वाहनों के माध्यम से होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है।
पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग पॉइंट लगाए जा रहे हैं। बीट सिस्टम के माध्यम से भी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है। चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों की पहचान की जा रही है जिनमें नंबर प्लेट नहीं है, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई है, अमानक तरीके से नंबर लिखा गया है या किसी अन्य वाहन का नंबर लगाकर वाहन चलाया जा रहा है।
मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। गंभीर मामलों में सिर्फ चालान ही नहीं बल्कि आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए जा रहे हैं और प्रकरण माननीय न्यायालय में भेजे जा रहे हैं ताकि दोषियों को नियमानुसार दंडित किया जा सके।
पेट्रोल पंपों को भी चेतावनी
अभियान के तहत जिले के सभी पेट्रोल और डीजल पंप संचालकों को भी निर्देशित किया गया है कि बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों को किसी भी स्थिति में पेट्रोल या डीजल उपलब्ध न कराया जाए। यदि ऐसे वाहन पंप पर आते हैं तो उसकी तत्काल सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और संबंधित थाने को देने को कहा गया है।
अपराध रोकने के लिए उठाया गया कदम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई बार अपराधी वाहन की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करते हैं या दूसरे वाहन का नंबर लगाकर वारदात को अंजाम देते हैं। ऐसे में दुर्घटना या अपराध होने की स्थिति में वाहन की पहचान करना बेहद मुश्किल हो जाता है।
आम लोगों से भी सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहन संचालित होते दिखें तो इसकी सूचना तत्काल यातायात पुलिस बिलासपुर या नजदीकी थाने को दें, ताकि मौके पर ही नोटिस देकर कार्रवाई की जा सके।

