बिलासपुर। जिले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 21 फरवरी को की गई।
डीएसपी अजितेश सिंह के अनुसार ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि शासकीय उचित मूल्य की दुकान स्व सहायता समूह को आबंटित कराने के एवज में फूड इंस्पेक्टर द्वारा एक लाख रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत के बाद हुआ सत्यापन
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। तय रणनीति के अनुसार 21 फरवरी को प्रार्थी ने 90 हजार रुपये आरोपी को देने के लिए सहमति जताई।
महावीर सिटी स्थित आवास पर ट्रैप
निर्धारित योजना के तहत प्रार्थी ने 21 फरवरी को महावीर सिटी स्थित आरोपी के आवास पर पहुंचकर 90 हजार रुपये सौंपे। राशि लेते ही पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने दबिश देकर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। एसीबी द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले सार्वजनिक शिकायतों के आधार पर कलेक्टर ने संबंधित फूड इंस्पेक्टर को जिला मुख्यालय में अटैच कर दिया था। लगभग एक महीने पूर्व ही उसे पुनः उसी स्थान पर पदस्थ किया गया था। दोबारा शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने यह ट्रैप कार्रवाई की है।
फिलहाल एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

