Latest news

10 किमी तक सुराग पकड़ती रही डॉग ‘विमला’, घने जंगल से 2 दिन से लापता 48 वर्षीय व्यक्ति को अचेत हालत में खोज निकाला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। चौकी बेलगहना क्षेत्र में पुलिस डॉग ‘विमला’ ने सूझबूझ और लंबी ट्रैकिंग के जरिए दो दिन से लापता व्यक्ति को घने जंगल से बरामद किया। डॉग ने मौके से करीब 10 किलोमीटर तक सर्च कर पहाड़बछाली के जंगलों में अचेत अवस्था में पड़े तरुण सिदार (48) को खोज निकाला।


खेत जाने के बाद नहीं लौटे घर
चौकी बेलगहना में 21 फरवरी 2026 को ग्राम डांडबछाली निवासी अरुण सिंह सिदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा तरुण सिदार, पिता कुंजराम सिदार, उम्र 48 वर्ष, 19 फरवरी 2026 की सुबह खेत जाने के नाम से ग्राम तुलुफ स्थित अपने खेत गए थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे।
20 फरवरी को परिजनों ने पतासाजी की। जानकारी मिली कि घटना दिनांक को तरुण सिदार को भक्तनारायण, सूरज सिंह, बलराम सिदार और शत्रुहन सिदार के साथ तुलुफ के खेत में शराब पीते हुए अंतिम बार देखा गया था। किसी अनहोनी की आशंका पर चौकी बेलगहना में गुम इंसान कायम किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (कोटा) श्रीमती नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में टीम गठित कर बेलगहना पुलिस ने संदिग्ध स्थल पर लगातार तलाश शुरू की। गुम इंसान के साथियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे नशे की हालत में होने के कारण स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
टोपी-चप्पल से मिला सुराग, डॉग स्क्वॉड बुलाया गया
तलाश के दौरान पुलिस को मौके पर तरुण सिदार की टोपी और चप्पल बरामद हुई। इसके बाद बिलासपुर से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस डॉग ‘विमला’ और डॉग हैंडलर मनोज साहू मौके पर पहुंचे।
डॉग ने बरामद वस्तुओं को सूंघकर ट्रैकिंग शुरू की और लगातार लगभग 10 किलोमीटर तक रास्ता पकड़ते हुए पहाड़बछाली के घने जंगलों तक पहुंची। वहां जंगल के बीच तरुण सिदार अचेत अवस्था में मिले।
प्रारंभिक उपचार के बाद सामने आई वजह
बरामदगी के बाद उन्हें प्रारंभिक उपचार दिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब पी लेने और अत्यधिक नशे के कारण ग्लानि की स्थिति में 19 फरवरी की रात से ही वे जंगल में भूखे-प्यासे भटकते रहे और वहीं रह गए थे।
पुलिस के अनुसार, यदि बरामदगी में विलंब होता तो घने जंगल, भूख-प्यास और अचेत अवस्था के कारण अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
बेलगहना पुलिस ने डॉग ‘विमला’ की मदद से गुम इंसान को सुरक्षित बरामद किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, डॉग विमला की सहायता से पूर्व में भी कई मामलों में सफलता प्राप्त की जा चुकी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।