बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में अपराध के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार रात ऐसा ऑपरेशन छेड़ा कि जिलेभर में सायरन और बूटों की आवाज गूंजती रही। पुलिस उपमहानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 10 फरवरी 2026 की रात एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। करीब 300 पुलिस अधिकारी और जवान अलग-अलग टीमों में बंटकर शहर और ग्रामीण इलाकों में संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थलों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों और वारंटियों के घरों पर एक साथ दबिश देते रहे।







126 वारंटी सलाखों के पीछे, 11 फरार आरोपी भी दबोचे
रातभर चली इस बड़ी कार्रवाई में कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें
50 स्थाई वारंटी
76 गिरफ्तारी वारंट
शामिल हैं।
इसके अलावा लंबे समय से गंभीर अपराधों में फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पुलिस ने खोज निकालकर गिरफ्तार किया और न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया।
निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग, BNSS के तहत कार्रवाई
अभियान के दौरान निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा/बदमाशों की विधिवत चेकिंग की गई। उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और वैधानिक चेतावनी दी गई।
संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से धारदार हथियार बरामद हुआ। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत विधिसम्मत अपराध दर्ज किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। पुलिस ने मौके पर प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
दुर्घटना मृत्यु रोकने के अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में 105 लोगों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई की जा चुकी है।
योजनाबद्ध तरीके से चला ऑपरेशन
इस मेगा ऑपरेशन में समस्त थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष टीमों ने समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से एक साथ कार्रवाई की। संभावित ठिकानों पर दबिश, होटल-ढाबों की जांच, सार्वजनिक स्थलों की चेकिंग और वारंटियों की तलाश—सब कुछ एक साथ, एक ही रात में अंजाम दिया गया।
पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। वारंटियों, फरार आरोपियों, अवैध गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। अपराधियों के खिलाफ सतत और सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।

