Latest news

अंतरराज्यीय सीमाओं पर सख्त घेराबंदी: आबकारी आयुक्त का सख्त संदेश—बाहरी राज्यों की मदिरा पर विशेष अभियान, अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

रायपुर, 11 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ में मदिरा और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है। नवा रायपुर स्थित मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सचिव सह आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. शंगीता ने दो टूक निर्देश दिए—राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित सभी आबकारी जांच चौकियां अन्य राज्यों से आने वाली मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं, सीसीटीवी की निगरानी पुख्ता रखें और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


राजस्व लक्ष्य पर सख्ती, जिलेवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि हर जिले को ठोस रणनीति के साथ काम करना होगा। जनवरी माह तक लक्ष्य हासिल करने वाले जिलों को सतत् प्रयास जारी रखने को कहा गया, जबकि लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को दुकानवार कारणों की समीक्षा कर कमी की पूर्ति हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाकर तत्काल अमल में लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी जिलों के अधिकारी, उड़नदस्ता दल, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मदिरा दुकानों में पारदर्शिता और अनुशासन पर जोर
सचिव सह आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप स्कंध का संधारण सुनिश्चित किया जाए।
निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री बिल्कुल नहीं हो।
सभी मदिरा नियमानुसार दरों सहित रैकों में प्रदर्शित की जाए।
दुकानों में नियम और अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता को लेकर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
मिलावट पर सख्त रुख, आकस्मिक निरीक्षण अनिवार्य
बैठक में स्पष्ट हिदायत दी गई कि मदिरा में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी जिला अधिकारी सप्ताह में कम से कम दो दिन आकस्मिक निरीक्षण करें।
अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई हो।
दोषी कर्मचारियों को तुरंत कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट किया जाए।
यह निर्देश साफ संकेत देता है कि निगरानी अब औपचारिकता नहीं रहेगी।
बार, क्लब, होटल और ढाबों पर भी नजर
प्रदेश में संचालित बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच के निर्देश दिए गए।
समय पश्चात संचालन या अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की बात कही गई।
आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग से सहयोग लेकर अवैध निर्माण, परिवहन, तस्करी और विक्रय पर नियंत्रण मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
सीमाओं पर विशेष अभियान, सीसीटीवी निगरानी सख्त
राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों की मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन और निगरानी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही पर तत्काल नजर रखी जा सके।
कैशलेस भुगतान को बढ़ावा, अलग काउंटर की व्यवस्था
दुकानों में पेटीएम या अन्य कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि लेनदेन पारदर्शी और व्यवस्थित हो सके।
शिकायतों और लंबित प्रकरणों पर भी निर्देश
विभाग में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कर्मचारियों के पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव आबकारी विभाग श्री देवेन्द्र सिंह भारद्वाज सहित मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संभागीय एवं जिला आबकारी अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।