Latest news

बिलासपुर: एटीएम में कुल्हाड़ी से तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास, नकाबपोश आरोपी की करतूत सीसीटीवी में कैद

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

छत्तीसगढ़ में एटीएम की सुरक्षा को लेकर नहीं है  प्रबंध

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में मोपका तालाब के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में चोरी का प्रयास किया गया। यह घटना 22 नवंबर  की रात करीब 1:30 बजे की है, जब एक नकाबपोश आरोपी कुल्हाड़ी लेकर एटीएम में घुसा और मशीन को तोड़ने की कोशिश की। घटना की जानकारी तब मिली जब सुबह सफाईकर्मी ने क्षतिग्रस्त एटीएम देखा और तुरंत हिटाची पेमेंट सर्विस के फील्ड मैनेजर सांतेश मिश्रा को सूचित किया।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रात 1:40 बजे नकाबपोश आरोपी एटीएम में घुसा, शटर को बाहर से बंद किया और कुल्हाड़ी से मशीन को तोड़ने लगा। आरोपी ने काफी कोशिशें कीं, लेकिन पैसे निकालने में नाकाम रहा और अंततः भाग गया। घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने एटीएम में हुए नुकसान का आकलन किया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सरकंडा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2)-BNS, 324(4)-BNS, और 62-BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

शहर में स्थित एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे

बिलासपुर शहर में एटीएम सुरक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक है। यह घटना एक बार फिर से दर्शाती है कि एटीएम सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे ही चल रही है। अधिकांश एटीएम में न तो कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद होता है और न ही रात के समय कोई विशेष निगरानी व्यवस्था। इस कारण चोर आसानी से वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं।

बैंकों द्वारा एटीएम सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर है। अधिकतर एटीएम में कैमरे तो लगे होते हैं, लेकिन उनकी स्थिति भी अक्सर खराब रहती है या फिर उनकी फुटेज की गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि आरोपी की पहचान मुश्किल हो जाती है।

पुलिस ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने एटीएम में सुरक्षा गार्ड तैनात करें और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करें। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने तक इस तरह की घटनाओं पर रोक लग पाना मुश्किल नजर आ रहा है।

एटीएम में चोरी के प्रयास करते हुए।
खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।