बिलासपुर। भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कांग्रेस पर आदिवासी समाज और उनकी प्रगति के विरोध का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री विश्नुदेव साय के नेतृत्व को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने कल हुए प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री साय के फोटो के साथ की गई अभद्र हरकत पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे अपमानजनक बताया।
दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के पांच वर्षों में विकास कार्य ठप रहे और भ्रष्टाचार चरम पर रहा। शराब घोटाला, पीएससी घोटाला, राशन घोटाला सहित अनेक मामलों के खुलासे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता इन काले कारनामों से त्रस्त हो चुकी थी, जिसके चलते कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा।
उन्होंने विद्युत विभाग में कथित ट्रांसफार्मर खरीदी घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों को आगजनी का बहाना बनाकर नष्ट किया गया। सड़कों के निर्माण और मरम्मत को लेकर भी उन्होंने पूर्व सरकार पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनके अनुसार, शहर की सड़कों पर अंधेरा रहता था और बिजली के खंभों पर एलईडी तक नहीं लगाई जा सकी।
जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता के हित में निर्णय ले रही है। धान खरीदी में भ्रष्टाचार रोकने के लिए लागू टोकन प्रणाली सहित कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जा रहा है।
(प्रेषक : दुर्गेश पाण्डेय, मीडिया सहप्रभारी, भाजपा बिलासपुर शहर)



