

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा संचालनालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नीट-यूजी में चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित सीट के अनुसार सिम्स में दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।

काउंसलिंग के दौरान कुल 21 अभ्यर्थी सिम्स पहुंचे, जिनमें से 6 अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर उन्हें एमबीबीएस में प्रवेश दिया गया। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों में अरमान राय, अनुष्का अग्रवाल और गौरी गुप्ता शामिल हैं। अरमान राय के अभिभावक डॉ. शिक्षा जांगड़े, विभागाध्यक्ष, एनाटॉमी विभाग, सिम्स हैं। वहीं अनुष्का अग्रवाल के पिता डॉ. मनीष अग्रवाल पैथोलॉजिस्ट तथा माता डॉ. एकता अग्रवाल माइक्रोबायोलॉजिस्ट हैं। गौरी गुप्ता के अभिभावक डॉ. मनोज गुप्ता एवं स्मृति गुप्ता हैं। इनके अलावा तीन अन्य अभ्यर्थियों की भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी की गई।
अधिष्ठाता के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया
काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए संस्थान के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया जा रहा है। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं।
एमबीबीएस स्नातक काउंसलिंग की नोडल अधिकारी डॉ. सागरिका प्रधान हैं। उनके द्वारा काउंसलिंग से संबंधित सभी गतिविधियों, दस्तावेज सत्यापन, प्रवेश प्रक्रिया और विद्यार्थियों के समन्वय का कार्य देखा जा रहा है।
सिम्स में 150 एमबीबीएस सीटें
सिम्स में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए 150 सीटों की स्वीकृत प्रवेश क्षमता है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया नीट-यूजी की मेरिट और छत्तीसगढ़ में निर्धारित चिकित्सा प्रवेश काउंसलिंग प्रक्रिया के अनुसार संचालित की जा रही है।
संस्थान प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर सिम्स पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित नियमों और सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित की जा रही है।



