बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) ने भाजपा सरकार के हालिया भूमि संबंधी निर्णयों के खिलाफ एक और बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने 29 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन करने की घोषणा की है। यह विरोध सरकार द्वारा जमीन रजिस्ट्री में कई गुना बढ़ोतरी और 5 डिसमिल भूमि की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के फैसले को लेकर तेज किया जा रहा है।
कांग्रेसजन दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन में जुटेंगे और वहां से रैली निकालते हुए नेहरू चौक पहुंचकर पुतला दहन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस विरोध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। शहर कांग्रेस प्रवक्ता ऋषि पांडेय ने कहा है कि यह सरकार के जनविरोधी कदमों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का हिस्सा है।
इससे ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने बिलासपुर में विभिन्न मुद्दों को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किया था, जिसमें बिजली बिलों से लेकर धान खरीदी व्यवस्था, सड़कों की बदहाली और रजिस्ट्री नियमों में अव्यवस्था तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा गया था। नेहरू चौक और कलेक्ट्रेट मार्ग पर उस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया था। उसी विरोध की निरंतरता में अब कांग्रेस ने पुतला दहन का आह्वान किया है, जिससे आंदोलन को और तीखा रूप देने की तैयारी स्पष्ट दिख रही है।
29 नवंबर के इस विरोध कार्यक्रम को कांग्रेस बिलासपुर में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की योजना बना रही है और इसे भाजपा सरकार के भूमि संबंधी नीतिगत फैसलों के खिलाफ मजबूत राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



