बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने सब्जी मंडी के पास हुए हत्या प्रकरण के फरार आरोपी आकाश शर्मा को बिहार के मुंगेर जिले से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अपराध क्रमांक 550/2025 धारा 109, 103(1), 3(5) BNS के इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी काफी समय से पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
12 अक्टूबर 2025 को सब्जी मंडी क्षेत्र में शराब पिलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोपी साहिल साहू, आकाश शर्मा और एक विधि से संघर्षरत बालक ने मिलकर किशन उर्फ खोख्सा और साहिल सोनकर पर लकड़ी के डंडे से हमला किया था। हमले में साहिल सोनकर की मौत हो गई थी, जबकि किशन गंभीर रूप से घायल हुआ था। घटना के बाद मुख्य आरोपी साहिल साहू को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आकाश शर्मा लगातार स्थान बदलकर फरारी काटता रहा।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और बिहार के मुंगेर जिले में दबिश देकर 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया। पुलिस आकाश शर्मा को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाई है, जहां आगे की कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, एक्टिवा स्कूटर (CG10 BW 3206) और खून लगे कपड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए सभी साक्ष्य मामले को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



