Latest news

हेमु नगर में गैस माफियाओं पर पुलिस का धावा, काले बाज़ार का ठिकाना ध्वस्त, 86 सिलेंडर बरामद… दो आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने घरेलू LPG सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग में लिप्त गैस माफिया पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हेमु नगर–सिंधी कॉलोनी इलाके में महीनों से चल रहे अवैध गैस कारोबार पर पुलिस ने जब धावा बोला, तो एक मकान के अंदर से सिलेंडरों का पूरा अवैध ‘गोदाम’ बरामद हुआ।
घटना 26 नवंबर की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि हेमु नगर में घरेलू सिलेंडरों को अधिक दाम में अवैध रूप से बेचा जा रहा है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ने झुलेलाल चौक के पास स्थित एक मकान में दबिश दी। अंदर घुसते ही पुलिस टीम भी हैरान रह गई—

चार कंपनियों के सिलेंडरों का पहाड़ खड़ा था, जिसे ब्लैक में बेचकर भारी कमाई की जा रही थी।
मौके से दो आरोपी पकड़े गए—
1. अजय मेघानी (35)
2. सुनील कुमार थावरानी (49)
दोनों हेमु नगर, सिंधी मोहल्ला निवासी। अवैध गैस भंडारण और बिक्री से जुड़े कोई दस्तावेज इनमें से कोई प्रस्तुत नहीं कर पाया।
पुलिस ने मौके से कुल 86 सिलेंडर जब्त किए—
इंडेन : 9 भरे घरेलू सिलेंडर
भारत गैस : 29 भरे + 25 खाली
HP गैस : 15 खाली
कामर्शियल गैस : 5 भरे + 3 खाली
43 भरे और 43 खाली सिलेंडरों की कुल कीमत 2,23,000 रुपये आँकी गई है। आरोपियों पर आरोप है कि वे घरेलू LPG को अधिक कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
तोरवा पुलिस ने इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम का गंभीर उल्लंघन मानते हुए अपराध क्रमांक 530/2025, धारा 3 व 7 ईसी एक्ट के तहत दोनों को गिरफ्तार किया है। बरामद सिलेंडरों को सुरक्षित जप्त कर कार्रवाई आगे बढ़ा दी गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हेमु नगर और आसपास के मोहल्लों में लंबे समय से गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी पैदा कर ब्लैक मार्केटिंग किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई ने इलाके में सक्रिय गैस माफिया नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।
तोरवा पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य संभावित कारोबारियों और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।