प्रेम प्रसंग का विरोध: युवती के भाई ने दोस्तों संग वारदात को दिया अंजाम
धमतरी से खर्रा घूमने आया था मृतक, पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
बिलासपुर/दुर्ग, रानीतराई।
मातर त्यौहार के दौरान खर्रा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक धमतरी से अपनी प्रेमिका से मिलने खर्रा गांव आया हुआ था। युवती के भाई को जब इस बात की भनक लगी, तो उसने अपने दोस्तों को बुलाकर युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना पूरे क्षेत्र में सनसनी का विषय बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक खूबीराम साहू धमतरी का निवासी था, जो मातर त्यौहार के मौके पर खर्रा गांव पहुंचा था। यहां वह अपनी प्रेमिका के साथ घूम रहा था। उसी दौरान युवती के भाई के एक दोस्त ने दोनों को देख लिया और यह बात युवती के भाई को बता दी। जानकारी मिलते ही युवती का भाई अपने चार दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और युवक को घेरकर मारपीट करने लगा। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से वार कर खूबीराम को लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मृतक के जीजा विजय साहू ने रानीतराई थाने में दी। उन्होंने बताया कि वे भी अपने ससुराल खर्रा में मातर त्यौहार मनाने आए थे। देर रात उन्हें सूचना मिली कि साले खूबीराम पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया है। वे तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल साले को अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना पर रानीतराई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और युवती के परिवार को यह संबंध मंजूर नहीं था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती के भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है और घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की भी जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज हत्या से खर्रा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।



