बिलासपुर, रायपुर।राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है। यहां गणपति नगर, चंगोराभाठा में एक शादीशुदा महिला ने ससुराल में प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें पति, सास, ससुर और देवर पर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।
मृतका की पहचान मंजूषा गोस्वामी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 16 जनवरी 2025 को गणपति नगर निवासी पूर्वेन्दर पूरी गोस्वामी उर्फ आशीष गोस्वामी से हुई थी। शादी को अभी 10 महीने भी नहीं हुए थे कि 21 अक्टूबर 2025 की रात मंजूषा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, मंजूषा ने आत्महत्या से पहले करीब 1 मिनट 10 सेकंड का वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था। वीडियो में वह कहती है—
“मेरा पति आशिष गोस्वामी, देवर अभिषेक गोस्वामी, सास और ससुर सभी मिलकर मुझे प्रताड़ित करते हैं। मेरे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। मैं चार बहनों में सबसे बड़ी हूं और मेरे पापा ही घर में कमाने वाले हैं। मैं इन लोगों से बहुत तंग आ चुकी हूं। अब मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।”
वीडियो में मंजूषा ने यह भी बताया कि पति अक्सर उस पर हाथ उठाता था और बेबुनियाद आरोप लगाता था। सास हमेशा बेटे का पक्ष लेती थी और दहेज को लेकर भी प्रताड़ना होती थी। उसने कहा कि शादी के बाद से उसे चैन का एक भी दिन नहीं मिला।
घटना के दिन बताया जा रहा है कि रिमोट सिलने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ, इसी दौरान पति ने मंजूषा को थप्पड़ मार दिया। इससे आहत होकर मंजूषा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पहले उसने अपने हाथ की नस काटी, फिर फांसी के फंदे से झूल गई।
परिवारवालों को जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां मंजूषा फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ससुरालवालों के खिलाफ मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



