बिलासपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तहत संचालित “खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” बिलासपुर से दो खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (नेशनल कैंप) के लिए चयनित किए गए हैं।
यह सेंटर 2022-23 से भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की “खेलो इंडिया एक्सीलेंस योजना” के तहत हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के लिए कार्यरत है। यहां खिलाड़ियों को आवासीय सुविधा, न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा तय आहार, और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
छत्तीसगढ़ के इन दोनों खिलाड़ियों का चयन जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की तैयारियों के लिए बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में हुआ। इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और कोचों के मार्गदर्शन का अहम योगदान रहा है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता और सहायक संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।



