Latest news

रेलवे की मुक्केबाज भावना शर्मा ने नेशनल फेडरेशन कप में जीता गोल्ड

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

मो इसराइल


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टेक्नीशियन खिलाड़ी ने चेन्नई में रचा इतिहास

बिलासपुर, 7 अक्टूबर 2025 | क्राइमरिपोर्टर स्पोर्ट्स डेस्क
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (सेक्र) की मुक्केबाज भावना शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित सीनियर नेशनल बॉक्सिंग फेडरेशन कप – 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रेलवे की ओर से हिस्सा लेने वाली भावना ने अपनी बेहतरीन तकनीक और दमदार मुक्कों से पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाए रखा।

प्रतियोगिता 1 से 7 अक्टूबर 2025 तक आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर के शीर्ष मुक्केबाजों ने भाग लिया। भावना शर्मा ने रेलवे का प्रतिनिधित्व रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (RSPB) की ओर से किया और फाइनल बाउट में अपने प्रतिद्वंद्वी को मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

वर्तमान में भावना शर्मा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के यांत्रिकी विभाग में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। खेल के प्रति उनकी निष्ठा और लगन ने न सिर्फ रेलवे, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने भावना शर्मा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और खेल भावना ने एक बार फिर संस्था का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।”

रेलवे प्रशासन ने बताया कि संगठन खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन प्रदान करता है, जिसके परिणामस्वरूप सेक्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ के पदाधिकारियों, कोचों और सहकर्मी खिलाड़ियों ने भी भावना शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।