Latest news

“जीवन जोड़ी” के नाम पर ठगी का साम्राज्य उजागर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

Mohammed israil बबलू


रायपुर में साइबर शील्ड अभियान की बड़ी सफलता – चीन तक पहुंची ठगी की रकम, चार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, बिलासपुर। शादी के सपनों को साइबर ठगों ने जाल में बदल दिया। ‘जीवन जोड़ी’, ‘ई रिश्ता’ और ‘रॉयल रिश्ते’ जैसी वर-वधू परिचय साइटों के जरिए देशभर में बड़े पैमाने पर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब हुआ है। रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खुलासा हुआ है कि फर्जी वेबसाइटों के जरिए की गई करोड़ों की ठगी की रकम म्यूल अकाउंट्स के जरिये चीन तक ट्रांसफर की जा रही थी।


आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चला ऑपरेशन ‘साइबर शील्ड’

रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जांच में खुलासा हुआ कि 500 से अधिक बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपए का लेनदेन किया गया, जिनका उपयोग देशभर में ऑनलाइन ठगी और मनी लांड्रिंग में किया जा रहा था।


1

चार राज्यों से 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े ओडिशा, गुजरात, बिलासपुर और रायपुर के चार आरोपियों को पकड़ा है।
जप्त सामग्री में शामिल—

  • 50 मोबाइल फोन
  • 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर
  • 60 बैंक अकाउंट कीट
  • बड़ी संख्या में सिम कार्ड

गिरफ्तार आरोपी:

  1. गजसिंह सुना सूरदा, सिंधईकेला, बलांगीर (ओडिशा)
  2. भिखु सचदेव भाटिया, कल्याणपुर, द्वारका (गुजरात)
  3. साहिल कौशिक, काठाकोनी, तखतपुर (बिलासपुर)
  4. हर्षित शर्मा, अरविंद नगर, कटोरा तालाब (रायपुर)

फर्जी वेबसाइटों के जरिए शादी के नाम पर ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि ठगों ने कई मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स बनाई थीं, जिनमें www.erishtaa.com, www.jeevanjodi.com, और www.royalrishtey.com शामिल हैं। इन साइट्स पर फर्जी वर-वधू प्रोफाइल बनाकर लोगों से शादी के नाम पर रकम ऐंठी जा रही थी।

लोगों को विश्वास दिलाने के लिए इन साइट्स पर आकर्षक फोटो और नकली पहचान डाली जाती थी। जब पीड़ित शादी के लिए संपर्क करते, तो उनसे प्रोसेसिंग, वेरिफिकेशन और गिफ्ट के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।


2

रायपुर में दो ठिकानों पर छापा, ऑफिस सील

पुलिस ने रायपुर के गोल चौक (डगनिया) और कटोरा तालाब इलाके में फर्जी कार्यालयों पर छापा मारा।

  • गोल चौक स्थित ऑफिस “जीवन जोड़ी” और “रॉयल रिश्ते” के नाम से चल रहा था।
  • कटोरा तालाब में “ई रिश्ता” नाम से फर्जी दफ्तर संचालित था।
    दोनों स्थानों को सील कर दिया गया है

चीन से जुड़ा साइबर नेटवर्क

जांच में यह भी सामने आया कि ठगी से जुड़ी रकम म्यूल अकाउंट्स के माध्यम से चीन तक भेजी जा रही थी। इन खातों का संचालन चीनी नागरिकों द्वारा APK फाइल्स के जरिये किया जा रहा था। बैंक खातों का रिमोट कंट्रोल इन्हीं फाइलों से किया जाता था, जिससे भारतीय खाताधारकों को भनक तक नहीं लगती थी।


3

कई खाते पाए गए संदिग्ध

  • थाना डीडी नगर में HDFC बैंक के 79 खाते
  • थाना आजाद चौक में साउथ इंडियन बैंक के 17 खाते
    संदिग्ध पाए गए हैं। सभी पर विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। बैंक से असामान्य लेनदेन की रिपोर्ट लगातार ली जा रही है।

आईजी के निर्देश पर साइबर जांच तेज

आईजी अमरेश मिश्रा ने साइबर क्राइम पोर्टल में दर्ज म्यूल बैंक अकाउंट्स की जांच के लिए विशेष योजना बनाई। रेंज साइबर थाना को ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने संबंधित खातों को फ्रीज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस की अपील

आईजी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपरिचित वेबसाइट पर व्यक्तिगत जानकारी या बैंक डिटेल साझा न करें। विवाह जैसे संवेदनशील मामलों में सत्यापित साइट्स और पंजीकृत एजेंसियों से ही संपर्क करें।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।