Mohammed israil
बिलासपुर, रायपुर/अंबिकापुर/कोरबा | छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटों के भीतर दिल दहला देने वाली तीन घटनाएं सामने आईं। अंबिकापुर में ब्रेकअप से नाराज युवक ने दिनदहाड़े अपनी प्रेमिका को पेट्रोल पंप पर चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। सरगुजा जिले के बतौली में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने डंडों से हमला कर अपनी ही मां की जान ले ली और पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में पति ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
पहला मामला : अंबिकापुर — ब्रेकअप से नाराज युवक ने गर्लफ्रेंड की हत्या

गुरुवार दोपहर गांधीनगर थाना क्षेत्र में यह सनसनीखेज घटना घटी।
- मृतका की पहचान भारती टोप्पो (27 वर्ष) के रूप में हुई, जो चोपड़ापारा स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कार्यरत थी।
- आरोपी जोगेंद्र पैकरा (28 वर्ष), निवासी बलरामपुर के कुसमी बिना नंबर प्लेट की बाइक से पेट्रोल भराने के बहाने पंप पर पहुंचा।
- पहले उसने कर्मचारियों को एयर पिस्टल दिखाकर डराया और अचानक चाकू निकाल लिया।
- भारती को सड़क पर दौड़ाकर पेट में कई वार किए।
गंभीर रूप से घायल भारती को मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वारदात का वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना का पूरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी खुलेआम चाकू से हमला करता नजर आ रहा है।
दूसरा मामला : सरगुजा — शराब के लिए पैसे न देने पर मां की हत्या

बतौली थाना क्षेत्र के सेदम गांव में बुधवार रात 27 वर्षीय सुखन साय मझवार शराब के लिए पैसों की मांग कर रहा था।
- मां तिजो बाई (54 वर्ष) ने पैसे देने से मना किया।
- इस पर गुस्से में बेटे ने डंडों से हमला कर दिया।
- पिता शनी राम बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी डंडे बरसा दिए।
मारपीट में तिजो बाई की मौके पर ही मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
बतौली थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 296, 351(3), 115(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पड़ोसियों का बयान
ग्रामीणों ने बताया कि सुखन साय लंबे समय से शराब पीकर परिवार को प्रताड़ित करता था और आए दिन पैसों की मांग करता था।
तीसरा मामला : कोरबा — पत्नी के चरित्र पर शक, कुल्हाड़ी से हत्या

कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में बुधवार को यह घटना हुई।
- आरोपी चैतराम धनवार, मूल निवासी पाली सपोलवा, मजदूरी करता है और पत्नी-बच्चों के साथ ससुराल बरपाली में रह रहा था।
- उसकी पत्नी बंधन बाई धनवार पर चरित्र को लेकर अक्सर विवाद होता था।
- बुधवार सुबह खाना खाते समय विवाद इतना बढ़ा कि चैतराम ने पास रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि पति-पत्नी में लंबे समय से विवाद चल रहा था। वहीं एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।
पारिवारिक कलह की परिणति
ग्रामीणों का कहना है कि बंधन बाई और चैतराम के बीच पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। चरित्र पर शक और नशे की लत ही इस हत्या की बड़ी वजह बताई जा रही है।
समाज के लिए चिंता का विषय
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही इस तरह की पारिवारिक और प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हत्याएं समाज के लिए गहरी चिंता का विषय हैं। पुलिस ने तीनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन ये घटनाएं सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर क्यों गुस्से और अविश्वास में रिश्ते खून से लथपथ हो रहे हैं।



