Latest news

पीसीसी चीफ  बैज का बड़ा बयान… बीजेपी राज में गायों का सफाया!

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

Mohammed israil

पीसीसी चीफ दीपक बैज का आरोप – दो साल में 5 लाख से अधिक गायें गायब, भूख और सड़क हादसों से हजारों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने राज्य की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में गायों की स्थिति बेहद बदहाल हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) चीफ दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी शुरू हो गई, भूख और दुर्घटनाओं से लगातार मौतें हो रही हैं।” उन्होंने दावा किया कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था किए भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन की गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया, जिसके चलते प्रदेशभर में गायें बेसहारा होकर सड़कों पर भटक रही हैं।


गौठान योजना बंद, गायें भटकने को मजबूर

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गायों की सुरक्षा और पोषण के लिए गौठान और गोबर खरीदी जैसी योजनाएं शुरू की थीं। मगर भाजपा सरकार ने आते ही इन्हें ठप कर दिया। परिणामस्वरूप, चारे-पानी के अभाव में पिछले पौने दो सालों में हजारों गायें भूख से मर गईं। वहीं खुले में भटकने और सड़क पर घूमने के कारण लगातार एक्सीडेंट में भी बड़ी संख्या में गोवंश की जान जा रही है।


40 फीसदी कम हुई पशुओं की संख्या

कांग्रेस के अनुसार, प्रदेश में भाजपा शासन के दो साल पूरे होने से पहले ही गांव और शहरों में पशुओं की संख्या में 40 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है। बैज का कहना है कि प्रदेश से अब तक 5 लाख से अधिक गायें गायब हो चुकी हैं। यह गायें या तो भूख-प्यास से मरी हैं, सड़क हादसों का शिकार हुई हैं या तस्करी के शिकार बनी हैं।


भूख और दुर्घटना से 2,000 से ज्यादा मौतें

दीपक बैज ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में अकेले भूख और सड़क दुर्घटनाओं से मरने वाली गायों की संख्या ही लगभग 2,000 से 2,500 तक है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा बेहद भयावह है और प्रदेश की गौवंशीय धरोहर पर संकट का संकेत देता है।


भाजपा सरकार पर सीधा वार

बैज ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय “गौमाता की सेवा” के नाम पर वोट तो मांगे, लेकिन सत्ता में आने के बाद न तो गोठानों को कोई सहारा दिया, न ही गोबर खरीदी योजना को जारी रखा। परिणामस्वरूप, अब प्रदेश की सड़कें बेसहारा मवेशियों से अटी पड़ी हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं।

  • प्रदेश में दो साल में 5 लाख से अधिक गायें गायब।
  • पशुओं की संख्या 40% तक घटी।
  • भूख और हादसों से 2,000–2,500 मौतें।
  • गौठान व गोबर खरीदी योजना बंद होने का असर।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।