मो इसराइल
बिलासपुर। नवरात्र पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल है, लेकिन सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार ने मातम फैला दिया। सोमवार को जिले और शहर में एक के बाद एक सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। भरनी-परसदा रोड पर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, वहीं शहर में सिटी बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक एक राहगीर को कुचल दिया। दोनों घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।



कार-ऑटो भिड़ंत, खेत में जा घुसी सवारी
सकरी थाना क्षेत्र के भरनी-परसदा मार्ग पर दोपहर को कार क्रमांक सीजी 10 बीजेड 2755 के चालक ने सामने अचानक आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। नियंत्रण बिगड़ते ही कार सीधे सामने चल रहे ऑटो से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क छोड़कर खेत में जा घुसा।
ऑटो सवार बेलगहना निवासी रामखिलावन और मेलना बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। सकरी टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि कार ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही का प्रकरण दर्ज किया गया है।
सिटी बस ने राहगीर को रौंदा
उधर शहर के शहर स्कूल के पास एक और बड़ी घटना हुई। सिटी बस चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक राहगीर को बुरी तरह ठोकर मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल भेजा और पुलिस को सूचना दी। बस संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
लोगों में आक्रोश, सवालों के घेरे में ट्रैफिक व्यवस्था
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों में आक्रोश बढ़ा दिया है। त्योहारों पर जहां शहर और आसपास का इलाका रौनक से भरा है, वहीं सड़कों पर हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस और परिवहन विभाग को नवरात्र जैसे आयोजनों के दौरान ट्रैफिक पर कड़ी निगरानी करनी चाहिए थी।
यह घटनाएं सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था की नाकामी को उजागर कर रही हैं।



