Latest news

सिम्स में महिलाओं का टीबी जांच शिविर आयोजित, 26 महिलाओं में पाए गए टीबी के लक्षण

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर, 20 सितम्बर 2025।

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में आज महिलाओं का विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा संचालित किया जा रहा है और 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहा है।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में लगभग 36 महिलाओं की जांच की गई। इनमें से 26 महिलाओं में टीबी के लक्षण पाए गए, जिनका छाती का एक्स-रे एवं बलगम की जाँच कर उन्हें विस्तृत उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में टीबी विजेताओं द्वारा मरीजों और उनके परिजनों को टीबी के लक्षण, रोकथाम एवं दवाओं से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि समय पर टीबी का उपचार एवं परामर्श लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो सकता है और परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकता है।

कार्यक्रम का संचालन रेस्पीरेटरी मेडिसीन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतीक कुमार, डॉ. आकांक्षा गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार डनसेना, डॉ. विद्या नायर, डॉ. अखिलेश प्रताप सिंह एवं डॉ. योगेश कुमार सिदार द्वारा किया गया। कार्यक्रम अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के दिशा-निर्देश में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर श्री रामफल यादव, श्रीमती कविता सिंह, सुश्री स्वाती श्रीवास, श्री सौरभ यादव, श्री तूफान सिंह सूर्यवंशी सहित रेस्पीरेटरी मेडिसीन विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

विशेष रूप से: यह शिविर महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर टीबी का निदान करने और समुदाय को टीबी मुक्त बनाने के प्रयास का हिस्सा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।