Latest news

मुख्यमंत्री का ओएसडी बनकर NTPC सीपत के कार्यकारी निदेशक को दी धमकी, सीपत पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

Mohammed israil


बिलासपुर। सीपत पुलिस ने एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) बताकर NTPC सीपत के कार्यकारी निदेशक को फोन पर धमकाया था। आरोपी ने पावर स्टेशन बंद कराने और निर्माण कार्य रोकने की धमकी दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश सिंह राजपूत (39 वर्ष), निवासी खैरागढ़, जिला खैरागढ़-गंडई-छुईखदान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

एनटीपीसी सीपत के प्रार्थी जय प्रकाश सत्यकाम ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि अज्ञात नंबर से कार्यकारी निदेशक विजय कृष्ण पांडेय के मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाला खुद को ए.के. सिंह, मुख्यमंत्री का विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) बताकर धमकी दे रहा था कि – यदि आदेश नहीं माना गया तो पावर स्टेशन बंद करा दिया जाएगा और मटेरियल गेट के सामने पुलिया निर्माण को स्वीकृति नहीं दी जाएगी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

आवेदन मिलते ही थाना सीपत में अपराध दर्ज किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। निर्देश मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर ट्रैक किया गया और आरोपी का पता खैरागढ़ में चला। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया।

आरोपी पर दर्ज मामला

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मिथ्या प्रतिरूपण (Cheating by Personation) समेत सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।


खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।