
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल सुरक्षा बल (RPF) ने सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। हावड़ा से अहमदाबाद जा रही अहमदाबाद एक्सप्रेस (12834) में जांच के दौरान RPF ने एक यात्री से ₹27 लाख 50 हजार कीमत का चोरी गया सोना बरामद किया। आरोपी की पहचान अतुल जाधव (24 वर्ष), निवासी नैहाटी (जिला चैबीस परगना, पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी को जब्त सोने के साथ स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
18 अगस्त 2025 को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, नागपुर को सूचना मिली थी कि अहमदाबाद एक्सप्रेस में हावड़ा से सोने की चोरी का आरोपी यात्रा कर रहा है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए RPF गोंदिया, CIB गोंदिया और मंडल टास्क टीम ने गोंदिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चेकिंग की। रात 8:33 बजे गाड़ी के कोच B-7 में संदिग्ध यात्री की पहचान की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अतुल जाधव बताया और स्वीकार किया कि उसके पास सोना जैसी पीली धातु है।
सोना निकला असली
बरामद धातु को परीक्षण के लिए गोंदिया के स्थानीय ज्वेलर्स के पास भेजा गया। जांच में यह शुद्ध सोना निकला, जिसका कुल वजन 275.930 ग्राम और बाजार मूल्य लगभग ₹27.50 लाख आंका गया।
FIR और गिरफ्तारी
RPF ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर नैहाटी थाना (जिला चैबीस परगना, पश्चिम बंगाल) को सूचना दी। पुलिस जांच अधिकारी ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और एफआईआर (दिनांक 17 अगस्त 2025) दर्ज की। अब आरोपी को आगे की जांच के लिए नैहाटी पुलिस को सौंपा गया है।
🔎 फैक्ट बॉक्स
गाड़ी का नाम/संख्या – अहमदाबाद एक्सप्रेस (12834)
बरामद सोना – 275.930 ग्राम
अनुमानित कीमत – ₹27,50,000/-
गिरफ्तार आरोपी – अतुल जाधव (24 वर्ष), नैहाटी, पश्चिम बंगाल
कार्रवाई एजेंसी – रेल सुरक्षा बल (RPF), गोंदिया
स्थान – गोंदिया रेलवे स्टेशन (SECR)
मामला दर्ज – नैहाटी थाना, जिला चैबीस परगना, पश्चिम बंगाल



