Latest news

सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हाईटेक मुन्नी बहन नकल कांड : वॉकी-टॉकी , बॉडी कैमरा…ऑटो से हो रही थी जवाबों की सप्लाई, दो युवतियां गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

00 पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर परीक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

Bilaspur Chhattisgarh बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार को आयोजित पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में नकल का एक चौंकाने वाला हाईटेक मामला सामने आया है। बिलासपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सरकंडा में परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवती ऑटो में बैठकर अंदर परीक्षा दे रही सहेली को डिवाइस के माध्यम से मदद कर रही थी। चौकस ऑटो चालक और छात्र नेता की सतर्कता से यह पूरा मामला उजागर हो सका। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, लैपटॉप और माइक्रो गैजेट्स बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों युवतियां मुख्यमंत्री विष्णु देव  साय के गृह जिले जशपुर जिले की निवासी बताई जा रही हैं।



बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित शासकीय रामदुलारे दुबे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में रविवार को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर सिविल भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। जिले भर में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें सरकंडा स्थित यह केंद्र भी शामिल था।

परीक्षा के दौरान दोपहर लगभग साढ़े ग्यारह बजे एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विकास सिंह अपने साथियों के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे। इस दौरान एक ऑटो में बैठी युवती की गतिविधियां उन्हें संदिग्ध लगीं। छात्र नेता ने तुरंत केंद्र प्रभारियों को इसकी सूचना दी। युवती के पास एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और लैपटॉप मौजूद था, जिससे संकेत मिले कि वह परीक्षा केंद्र के अंदर किसी परीक्षार्थी से संपर्क में है और उसे प्रश्नों के उत्तर दे रही है।

सूचना मिलते ही केंद्र प्रभारी और पुलिस हरकत में आ गए। पहले ऑटो में बैठी युवती को पकड़ा गया, फिर केंद्र के अंदर बैठी एक अन्य युवती को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने एक-दूसरे से संपर्क में रहने और परीक्षा में नकल करवाने की बात स्वीकार की।

पुलिस को दोनों के पास से एक लैपटॉप, ईयरबड्स, सूक्ष्म माइक्रोफोन, डाटा ट्रांसफर डिवाइस जैसे कई हाईटेक उपकरण मिले हैं। यह घटना परीक्षा की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया:
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में गिरावट का यह उदाहरण चिंताजनक है। पढ़ाई की जगह अब टेक्नोलॉजी के सहारे नकल कर पद हासिल करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो बेहद खतरनाक संकेत है।

पुलिस की कार्रवाई जारी:
सरकंडा पुलिस दोनों आरोपित युवतियों से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नकल रैकेट के पीछे और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं। संदेह है कि इसमें किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है, जो टेक्नोलॉजी की मदद से प्रतियोगी परीक्षाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है।

परीक्षा पर खड़े हुए सवाल
यह मामला न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि आज नकल किस हद तक हाईटेक हो चुकी है। समय रहते इस पर कड़ी कार्रवाई और निगरानी न हुई, तो आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पूरी तरह संकट में पड़ सकती है।

रायपुर : उप अभियंता भर्ती परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल करते हुए एक परीक्षार्थी पकड़ी गई, एफआईआर दर्ज

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की कड़ी निगरानी में परीक्षा आयोजन, नकल प्रकरण में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही जारी
रायपुर।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल) एवं उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र क्र. 1309 – शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा, बिलासपुर (छ.ग.) में एक गंभीर नकल प्रकरण प्रकाश में आया।  कक्ष क्रमांक 07 में परीक्षार्थी रोल नंबर 13091014 – कु. अन्नु सूर्या, पिता – कलेश्वर राम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परीक्षा कक्ष में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त परीक्षार्थी के अंतःवस्त्र में हिडन कैमरा व कान से माइक्रो स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाकर रखे गए पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त किया गया।
परीक्षा केन्द्र परिसर के बाहर नकल में सहायता करने हेतु उपस्थित कु. अनुराधा बाई के पास से वॉकी-टॉकी, टैबलेट, ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह स्पष्ट रूप से एक संगठित इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल करने का प्रयास था।
प्रशासन द्वारा नियमानुसार तत्काल नकल प्रकरण तैयार कर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को प्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, थाना सरकंडा पुलिस को सूचित कर एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों पर उचित कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
व्यावसायिक परीक्षा मंडल एवं जिला प्रशासन द्वारा इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ऐसी घटनाओं पर “जीरो टॉलरेंस नीति” अपनाई गई है। भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।