Latest news

सेंट्रल लाइब्रेरी से पढ़कर प्रतियोगी परीक्षा में परचम लहरा रहे युवा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

*पिछले एक साल में 30 परीक्षार्थियों ने पास किया है पीएससी और व्यापमं की परीक्षा* 

*चयनित 9 युवाओं का आज निगम कमिश्नर ने किया सम्मान*

बिलासपुर- जिस सोच और उद्देश्य के साथ सेंट्रल लाइब्रेरी की स्थापना की गई थी,वह पूरा होता नजर आ रहा है। अंचल के युवाओं को इसका लाभ मिले,इस उद्देश्य के साथ शुरू की गई सेंट्रल लाइब्रेरी के सकारात्मक परिणाम मिलने लगे हैं। पिछले एक साल में 30 ऐसे युवाओं ने पीएससी और व्यापमं जैसे परीक्षाओं को क्रैक किया है,जिन्होंने नूतन चौक स्थित लाइब्रेरी में अपनी तैयारी की थी। हाल ही में चयनित ऐसे 9 युवाओं को आज सेंट्रल लाइब्रेरी में सम्मानित किया गया। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सभी को पौधे भेंटकर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी। 

     परीक्षा की तैयारी में लगे युवाओं को प्रेरणा मिले और वें प्रोत्साहित हों,इसके लिए आज चयनित युवाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर निगम कमिश्नर के रूप में अपने बीच आईएएस अधिकारी से रूबरू होकर लाइब्रेरी में पढ़ने वाले युवा काफी उत्साहित थे। इस अवसर पर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने तैयारी में लगे युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए स्वामी विवेकानंद के कथन को दोहराते हुए कहा की हमें तब तक नहीं रूकना है जब तक निर्धारित अपने लक्ष्यों को पा नहीं लेते,एकाग्रचित होकर लक्ष्य को पाने में पूरा जोर लगा दो,इस दौरान नकारात्मक विचारों को त्याग कर पूरा फोकस सकारात्मक विचारों में लगाएं। निगम कमिश्नर श्री कुमार ने उपस्थित छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की बारिकियों को भी विस्तार से समझाया। इस दौरान निगम कमिश्नर ने लाइब्रेरी का मुआयना कर संचालित सुविधा एवं व्यवस्था का जायजा लिया। छात्रों से संवाद करते हुए निगम कमिश्नर अमित कुमार ने मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए और भी बेहतर करने के सुझाव भी मांगे।आज व्यापमं में चयनित जिन 9 युवाओं को सम्मानित किया गया उनमें अमन दुबे(लैब टैक्नीशियन),अपर्णा गौरहा (लैब),खुशी अग्रवाल (सहकारिता निरीक्षक),शुभम सिंह(शिक्षक),सिद्धांत तिवारी (हाॅस्टल वार्डन) चंद्रशेखर साहू(लैब सुपरिटेंडेंट) शामिल है। इस अवसर पर जीएम आईटी वाय.श्रीनिवास और एटीएल प्रभारी श्री धनंजय पांडेय उपस्थित रहे।

*सेंट्रल लाइब्रेरी से तैयारी कर डिप्टी कलेक्टर तक बने है प्रतिभागी* 

बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित सेंट्रल लाइब्रेरी किस तरह अंचल के युवाओं के सपने को पूरा करने में सहभागी बना है,इसका अंदाजा इस आंकड़े से ही पता चलता है की पिछले एक साल में सेंट्रल लाइब्रेरी में अपना समय देकर तैयारी करने वाले 30 युवाओं ने पीएससी,व्यापमं,बैंक की परीक्षाओं में अपना परचम लहराया है। सेंट्रल लाइब्रेरी की सदस्यता लेकर तैयारी करने वाले प्रतिभागी सत्येंद्र बंजारे ने पीएससी के 2024-25 सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित हुए। इसी तरह 2024 में प्रशांत वर्मा तहसीलदार बने। इनके अलावा और भी कई प्रतिभागी है जिन्होंने बैंक,रेल्वे समेत कई विभागों की परीक्षा में सफल हुए है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।