बिलासपुर। थाना सरकंडा में दर्ज अपराध क्र. 496/25 में अधिवक्ता जितेंद्र बंजारा का नाम गलत तरीके से जोड़े जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सतनामी समाज के जिला अध्यक्ष सागर बंजारे ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. संजय बंजारे ने आरोपी आशिष टंडन से 16 लाख रुपये लिए और इसकी लिखित पुष्टि भी की। इसके बाद 29 अप्रैल 2023 को अपने मकान का विक्रय अनुबंध तय किया। बाद में जब इस लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ा, तो डॉ. संजय बंजारे ने अधिवक्ता जितेंद्र बंजारा का नाम भी मामले में जोड़ दिया, जबकि वे इस पूरे घटनाक्रम में शामिल ही नहीं थे।
सागर बंजारे के अनुसार, पुलिस ने बिना किसी जांच के अधिवक्ता जितेंद्र बंजारा के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया, जबकि घटना के समय वे बिलासपुर शहर में मौजूद भी नहीं थे। वे झलमला सीपत में एक कार्यक्रम में शामिल थे, फिर भी पुलिस ने उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दिया।
सतनामी समाज के जिला अध्यक्ष ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और अधिवक्ता जितेंद्र बंजारा का नाम अपराध से हटाया जाए। साथ ही, पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए, ताकि भविष्य में निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में न फंसाया जाए।



