00 मृत शिक्षक की पत्नी ने जनदर्शन में की थी शिकायत, कलेक्टर बिलासपुर ने की कार्रवाई
00 स्वत्व के भुगतान के लिए 124000 रुपए मांगने का था आरोप
बिलासपुर। मृत शिक्षक की पत्नी से स्वत्व राशि के भुगतान के लिए 124000 रिश्वत की मांग करने वाले कोटा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को हटा दिया गया और एक क्लर्क को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण के सख्त निर्देश पर भ्रष्टाचार के खिलाफ दो अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की गई है। यह मामला शिक्षा विभाग से जुड़ा हुआ है, जहां मृत शिक्षक के स्वत्व के भुगतान के लिए 1.24 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।



शिकायत में बताया गया कि बीईओ विजय टांडे और क्लर्क एकादशी पोर्ते, मृत शिक्षक की पत्नी को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे।
मृत शिक्षक की पत्नी, जो स्वयं सहायक शिक्षक हैं, ने कलेक्टर के कर्मचारी जनदर्शन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद, कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में शिकायत सही पाई गई।
जांच के बाद, क्लर्क एकादशी पोर्ते को निलंबित कर दिया गया और बीईओ विजय टांडे को पद से हटा दिया गया है। साथ ही, बीईओ के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की सख्त नीति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कलेक्टर अवनीश शरण ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासकीय हाई स्कूल खुरदुरा के प्राचार्य को प्रभारी बीइओ कोटा बनाया गया है।



