Latest news

भाजपा की शिवबती  12 वोट हासिल कर कांग्रेस समर्थित केशव साहू को पराजित कर बनीं उपाध्यक्ष

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

चुनाव प्रभारी व जिला महामंत्री नरेंद्र वर्मा की सूझबूझ व रणनीति का मिला लाभ
बेमेतरा। नगर पंचायत परपोड़ी में भाजपा ने अध्यक्ष के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी 10 वर्ष बाद शानदार जीत दर्ज कर ली। भाजपा समर्थित पार्षद शिवबती साहू ने 16 में से 12 वोट हासिल कर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी केशव साहू को हराया। केशव साहू को सिर्फ 4 वोट मिले। इससे पहले भाजपा समर्थित देशुराम साहू नगर पंचायत अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से परपोड़ी के चुनाव प्रभारी व भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष नारद वर्मा, महामंत्री सतीश जैन, राजेन्द्र सिंह, राजेश दूबे, चंदू शर्मा चुनाव को लेकर सक्रिय रहे।
चुनाव प्रभारी नरेंद्र वर्मा द्वारा सभी पार्षदों को एकजुट कर विपक्ष को कोई मौका न देने की रणनीति बनाई। जीत के बाद शिवबती साहू का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और विजय रैली निकालकर जश्न मनाया। इस जीत के बाद नगर पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया। चुनाव जीतने के बाद भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। चुनाव प्रभारी नरेंद्र वर्मा ने कहा कि भाजपा की एकजुटता बनी रहेगी और नगर का विकास ट्रिपल इंजन सरकार के साथ तेजी से होगा। मंडल अध्यक्ष नारद वर्मा व महामंत्री सतीश जैन ने कहा कि सभी मिलकर नगर विकास की नई गाथा लिखेंगे। अब नगर विकास के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। केंद्र और राज्य के साथ अब नगर पंचायत में भी भाजपा की सत्ता है, जिससे रुके हुए काम पूरे किए जाएंगे। इस दौरान नथमल कोठारी, संजीव तिवारी, चन्द्रशेखर साहू, राजेश दुबे, अरशद कुरैशी, कुशल गोस्वामी, सुभाष तिवारी, राजेंद्र सिंह, प्रमोद साहू, नंदिनी पटेल, मधु राजपूत, संजय गोस्वामी, संतु देवांगन, विजय वैष्णव, हेमराज पाल, भूप सिंह, गिरिजा देवांगन रेखा साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बाक्स
000 निर्दलीय का भी मिला समर्थन
नगर पंचायत चुनाव में 15 वार्डों में से 10 पर भाजपा, 4 पर कांग्रेस और 1 पर निर्दलीय पार्षद जीते थे। शिवबती को 12 वोट मिलने से माना जा रहा है कि निर्दलीय पार्षद का भी अप्रत्यक्ष समर्थन मिला। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी केशव साहू को सिर्फ 4 वोट मिले, जो कांग्रेस के पार्षदों की संख्या के बराबर है।
बाक्स
उपाध्यक्ष के रूप में दायित्व को निष्ठा से निभाऊंगी: शिवबती साहू
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष शिवबती साहू ने भाजपा संगठन और नगर पंचायत अध्यक्ष देशुराम साहू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 10 साल बाद भाजपा से उपाध्यक्ष बनने का अवसर मिला है। इसके लिए सभी पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं की आभारी हूं। वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद चुनाव में भी जनता ने मुझ पर भरोसा जताया। अब उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा संगठन ने विश्वास दिखाया। सभी भाजपा पार्षदों ने एकजुट होकर जिताया। उन्होंने कहा कि पार्षद और उपाध्यक्ष के रूप में अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाऊंगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।