00 पार्टी से गद्दारी करने वालों के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी को कड़ी कार्रवाई करने पीसीसी का फरमान
बिलासपुर। नगर निगम चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सीमा पांडे पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का गंभीर आरोप लगा है। इसको लेकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर के कई वार्डों में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ पार्टी के ही कुछ बड़े पदाधिकारी काम कर रहे हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में मौखिक शिकायतें की हैं। खासकर, सीमा पांडे के खिलाफ आरोप है कि उन्होंने पार्टी के अधिकृत पार्षद पद के प्रत्याशी को हराने के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से काम किया। इस मामले में सीमा पांडे का कहना है कि उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी महापौर पद के प्रमोद नायक के लिए काम किया है। इसके लिए उन्होंने बुधवार को आभार भी व्यक्त किया था। इसकी जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपलोड भी की थी। उनके खिलाफ हुई शिकायत के बारे में जानकारी फिलहाल नहीं है।
अधिकृत शिकायत मिलने और पुष्टि होने पर होगी कार्रवाई
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडे का कहना है कि अब तक उनके पास इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कोई शिकायत अधिकृत रूप से उनके पास नहीं पहुंचती, तब तक वे जांच और कार्रवाई नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेती है और यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने फोन से शिकायत मिलने की बात जरूर स्वीकार की।
बढ़ते विवाद से पार्टी की छवि को खतरा
नगर निगम चुनाव में पार्टी के भीतर इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप से कांग्रेस की छवि पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। हालांकि, पार्टी ने संकेत दिया है कि अनुशासनहीनता के मामलों को अनदेखा नहीं किया जाएगा। शहर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ऋषि पांडे का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।



