Latest news

पंचायत चुनाव :  60 मतदाताओं के नाम कटने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी, निगम की मतदाता सूची के बाद ग्रामीण इलाकों में भी कई शिकायतें

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

00 तखतपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम जोकी का मामला

00  कलेक्ट्रेट और सरकारी दफ्तरों का चक्कर काटते रहे ग्रामीण

बिलासपुर । तखतपुर विकासखंड के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम जोकी के वार्ड क्रमांक 6 में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। करीब 60 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर को पत्र लिखकर इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। समस्या का निराकरण नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड के सभी 60 मतदाता पूर्व में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदान कर चुके हैं। इसके बावजूद उनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से गायब कर दिए गए हैं। इससे सरपंच और पंच पद के उम्मीदवार भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पंचायत चुनाव बाधित हो सकता है। कलेक्टर को लिखे गए पत्र में उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और नाम जोड़ने की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की।

इस संबंध में प्रधान और ग्रामीणों ने कहा कि वे अपने मतदान अधिकार से वंचित नहीं होना चाहते। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने हस्ताक्षर युक्त पत्र भी सौंपा है। प्रशासन से मांग की गई है कि मतदाता सूची की पुनः जांच कर सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं।ग्राम जोकी के वार्ड क्रमांक 6 में इस मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी मांगों को जल्द सुना जाएगा ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।