कोरबा। कोरबा जिले के सीएसईबी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब झोपड़ीपारा श्मशान घाट के पास हसदेव नदी में बच्चों को मछली पकड़ने के दौरान एक थैले में महिला का कटा हुआ सिर मिला। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बच्चों ने जब थैला खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का सिर, कलाई का हिस्सा और पंजा था। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी बड़ों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, फोरेंसिक टीम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने थैले से मिले अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
थैले में मिले सबूत और महिला की पहचान की कोशिश
पुलिस के अनुसार, थैले में महिला का सिर, कलाई का हिस्सा और पंजा काले-मरून रंग की कथरी या गद्दे के कवर में लिपटे हुए थे। इसके साथ ही गुलाबी रंग का टॉप मिला है, जिस पर Lovely Earth Tones लिखा है और कपड़े के टैग में ATHIYA लिखा हुआ है।
पुलिस का मानना है कि यह घटना लगभग 1.5 से 2 महीने पुरानी हो सकती है।



