00 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित सीपत थाना क्षेत्र का मामला
Bilaspur बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित ग्राम जांजी में गांजे की अवैध डीलिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया। सूचना मिली थी कि संदीप वर्मा नामक व्यक्ति इस गैरकानूनी कारोबार में सक्रिय है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब छापा मारा, तो घर में मौजूद 5-6 लोग भागने लगे। संदीप वर्मा ने पुलिस से बचने के लिए छत का सहारा लिया और नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन उसका पैर फिसल गया। छत से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद पुलिस ने इंसानियत दिखाते हुए तुरंत उसके परिवारवालों को सूचना दी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, संदीप नशे की हालत में था, और उसका उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि संदीप वर्मा का नाम पहले भी अवैध नशे के कारोबार में सामने आ चुका है। बसना थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि संदीप वर्मा गांजा तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उन अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है, जो मौके से फरार हो गए थे।



