Latest news

सेंट्रल यूनिवर्सिटी में उपराष्ट्रपति : छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों की अनदेखी या जानबूझकर किया अपमान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

00 विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों की संकीर्ण सोच पर खड़े हुए सवाल

00 मंच पर जगह देना तो छोड़ आमंत्रण कार्ड से भी नाम कर दिया गायब

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में 15 जनवरी को उपराष्ट्रपति के आगमन के लिए तैयारियों का दौर तेज है, लेकिन आयोजन के निमंत्रण कार्ड में बड़ी चूक ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस कार्ड में राज्य के एकमात्र केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, beltra के विधायक सुशांत शुक्ला समेत छत्तीसगढ़ी जनप्रतिनिधियों के नामों को स्थान नहीं दिया गया है। यह अनदेखी न केवल छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर चोट है, बल्कि विश्वविद्यालय प्रबंधन की क्षेत्रीय जनभावनाओं और प्रतिनिधित्व का अपमान है।ऐसे आयोजन, जहां राष्ट्रीय स्तर के गणमान्य व्यक्तियों का आगमन होता है, राज्य और क्षेत्रीय नेतृत्व को भी सम्मान देने का अवसर होते हैं। लेकिन इस चूक ने प्रबंधन की संकीर्ण सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच इसे अपमान और अपेक्षामाना जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मामले को लेकर उच्च स्तर पर चर्चा की जाएगी। वही आमंत्रण में केंद्रीय मंत्री समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम नहीं होने को लेकर विश्वविद्यालय के कुल सचिव से फोन पर संपर्क किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

सीयू का 11वां दीक्षांत , तैयारी पूरी होने का दावा

गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारी लगभग पूरी हो गई  है। सोमवार को सुबह से कार्यक्रम 15 जनवरी को होगा। इसके मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, एआईसीटीई के चेयरमैन प्रो. टीजी सीताराम, राष्ट्रीय सचिव शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के अतुल कोठारी शामिल हो रहे हैं। अध्यक्षता कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल करेंगे। इन्हें ही मंच पर स्थान दिया जा रहा है। उपराष्ट्रपति के लिए 5 हैलीपैड बनाए गए हैं। इसमें तीन हैलीपैड ओपन यूनिवर्सिटी के परिसर में और दो सेंट्रल यूनिवर्सिटी में बनाए गए हैं। सोमवार को सेना के दो हेलीकाप्टर द्वारा 5 हैलीपैड और आसपास के एरिया की जांच की गई। इसके अलावा कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने समारोह स्थल सहित कैंपस में जांच की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 200 से अधिक जवान विवि कैंपस में तैनात कर दिए गए हैं। समारोह में भाग लेने छात्र भी पहंुच चुके हैं। उन्हें पोशाकें वितरित की गईं। मंगलवार को दोपहर 1 बजे से रिहर्सल होगी। इस बार भी सीयू का दीक्षांत समारोह रजत जयंती सभागार में हो रहा है। समारोह की गरिमा के अनुसार ऑडिटोरियम की क्षमता कम है। ऐसे में सीयू के शिक्षक, छात्र इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे। स्वर्ण पदकधारियों व शोधार्थियों के अभिभावकों को भी जगह मिलना मुश्किल है।

279 छात्रों और शोधार्थियों को मिलेगा पदक
1 बजे होगा रिहर्सल, कल दोपहर 3 बजे कार्यक्रम ग्यारहवें दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2022-23 एवं 2023-24 की विभिन्न परीक्षाओं स्नातक, स्नातकोत्तर व पत्रोपाधि में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। साथ ही वे शोधार्थी जो 1 जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2024 के बीच पीएचडी उपाधि के लिए पात्र हो गए हैं, उन्हें उपाधि दी जाएगी। इसमें 2023 के 76 और 2024 के 77 छात्रों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। मंगलवार को दोपहर 1 बजे छात्रों का रिहर्सल किया जाएगा। बुधवार को दोपहर 3 बजे समारोह होगा। पहले ये 11 बजे से होना था। समय बदल गया है।
कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा

11वें दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के आगमन की तैयारियां चल रही हैं। कलेक्टर अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ओपन यूनिवर्सिटी परिसर हेलीपैड और उनके विश्राम गृह में चल रही तैयारी का निरीक्षण किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल रजत जयंती सभागार को भी देखा और काम कर रहे अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने प्रोटोकॉल और उप राष्ट्रपति कार्यालय की निर्देशों के अनुरूप तैयारी में कोई कमी नहीं रखने के निर्देश दिए। एसपी सिंह ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस और सुरक्षा बलों को निर्देश दिए। जिला प्रशासन, पुलिस और विश्व विद्यालय प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद थे।
उपराष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
उपराष्ट्रपति श जगदीप धनखड़ 15 जनवरी को गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय के 11 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। महामहिम उपराष्ट्रपति का मिनट टू मिनट दौरा कार्यक्रम जारी किया गया है। समारोह में उनकी धर्मपत्नी डॉ. श्रीमती सुदेश धनखड़ भी शामिल होंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12.10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होंगे। दोपहर 2.00 बजे रायपुर एयरपोर्ट आएंगे। उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ दोपहर 2.10 बजे रायपुर एयरपोर्ट से रवाना होकर 2.50 बजे गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के समीप हेलीपेड पर पहुचेंगे । वे दोपहर 3.00 बजे से 4.00 बजे तक गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ 4.00 बजे गुरू घासीदास विश्वविद्यालय से हेलीपेड के लिए रवाना होंगे। वे 4.10 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दीक्षांत समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय राज्यपाल  रमेन डेका एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।