छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में धोखाधड़ी का बड़ा मामला
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। एक ब्रांच मैनेजर ने लोन दिलाने के नाम पर 120 से अधिक ग्रामीणों से ठगी की। आरोपी ने आधार कार्ड और पैन कार्ड लेकर बैंक खाते खुलवाए और लोन की राशि को खुद निकाल लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में फरार आरोपी को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र में मनोज कुमार चौहान, निवासी सलनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 मार्च 2024 को एक आरोपी ने लोन दिलाने के नाम पर उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लिया। आरोपी ने IndusInd Bank में मनोज के नाम से खाता खुलवाकर भारत फाइनेंस से 1,20,000 रुपये का लोन स्वीकृत कराया।
आरोपी ने प्रार्थी को यह झूठ बताया कि लोन रद्द हो गया है। इसके बाद उसने मनोज की पासबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और एटीएम के माध्यम से पूरी राशि निकाल ली।
पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट 06 जनवरी 2025 को दर्ज की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी, फरार ब्रांच मैनेजर अंकित कुमार गुप्ता, निवासी रोडपारा, सुआरपारा (जिला सरगुजा) को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया।
फर्जीवाड़े का खुलासा
जांच में सामने आया कि आरोपी ने लगभग 120-150 ग्रामीणों और आम नागरिकों को इसी तरह धोखाधड़ी का शिकार बनाया है। आरोपी ने कई लोगों के दस्तावेज लेकर उनके नाम पर बैंक खाते और लोन स्वीकृत कराए और खुद पैसे निकाल लिए।
एसपी ने दिया मार्गदर्शन
पुलिस ने अपराध क्रमांक 04/2025, धारा 420, 34 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक: अंकिता शर्मा (भा.पु.से)
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक: हरीश यादव (रा.पु.से)
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सकती: श्री मनीष कुंवर (रा.पु.से)
इस कार्यवाही में शामिल पुलिसकर्मी:
थाना प्रभारी: अनवर अली
प्रधान आरक्षक: देवनारायण चंद्रा
महिला प्रधान आरक्षक: चंद्रकला सोन
आरक्षक: रतन विश्वकर्मा
ठगी का तरीका
लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेज लेकर बैंक खाता खोलना।
लोन की राशि खाते में ट्रांसफर कराना।
एटीएम और पासबुक अपने पास रखकर पैसे निकालना।
ग्रामीणों को लोन रद्द होने की झूठी जानकारी देना।
वर्जन
“आरोपी ने करीब 120-150 ग्रामीणों को धोखाधड़ी का शिकार बनाया है। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उसे अंबिकापुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।”
– सुश्री अंकिता शर्मा (पुलिस अधीक्षक)
—
आम जनता के लिए सुझाव:
✅ किसी को भी अपने दस्तावेज़ देने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
✅ बैंक खाता खोलने और लोन लेने की प्रक्रिया खुद पूरी करें।
✅ कोई भी संदेह होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।



