बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव की राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी हेमबती नाग ने अपनी मेहनत, संघर्ष, और अद्वितीय खेल कौशल से न केवल राज्य बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 से सम्मानित किया। यह पल छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है।
कोंडागांव जिले की होनहार खिलाड़ी हेमबती नाग ने अपनी कड़ी मेहनत और अदम्य साहस से साबित कर दिया कि कठिनाइयां केवल मजबूत इच्छाशक्ति के आगे झुकती हैं। उन्होंने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं।
कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद हेमबती ने जूडो के क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी। उनकी इस उपलब्धि को पहचानते हुए राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 से नवाजा। यह पुरस्कार न केवल हेमबती के अद्वितीय प्रदर्शन की सराहना है, बल्कि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने इस अवसर पर हेमबती को बधाई देते हुए कहा, “हमारी सरकार ऐसे प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। हेमबती नाग की सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए नई राह दिखाती है।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि प्रदेशवासियों और खेल प्रेमियों ने हेमबती की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। हेमबती की यह उपलब्धि हर उस व्यक्ति को प्रेरणा देती है, जो अपने सपनों के लिए संघर्ष कर रहा है।



