Latest news

पुलिस और जेल कर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में मिलेगी 30 से 50 प्रतिशत तक छूट

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

प्रभारी डीजीपी एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक, एलन और आकाश संस्थानों ने दी सहमति

रायपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रभारी पुलिस महानिदेशक एवं जेल डीजी श्री हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित बैठक में एलन अकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधियों ने पुलिस तथा जेल कर्मियों की संतानों को कोचिंग की सम्पूर्ण फीस में विशेष छूट देने पर सहमति दी।

बैठक में बनी सहमति के अनुसार, आकाश इंस्टीट्यूट, रायपुर में पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को सम्पूर्ण कोचिंग फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं एलन अकेडमी के रायपुर, भिलाई एवं बिलासपुर केंद्रों में सम्पूर्ण फीस पर 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह सुविधा आईआईटी–जेईई, नीट एवं अन्य कोचिंग पाठ्यक्रमों की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए लागू होगी।

इस पहल से इंजीनियरिंग और मेडिकल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आर्थिक सहारा मिलेगा। कोचिंग फीस में रियायत मिलने से अभिभावकों पर शिक्षा का खर्च कम होगा और बच्चों को अपने करियर के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से उन परिवारों के लिए यह निर्णय राहत लेकर आया है, जिनके बच्चे उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए तैयारी कर रहे हैं।

पुलिस और जेल कर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों तथा अनियमित ड्यूटी के बीच अपने दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनके बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की यह पहल कर्मचारी कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रायपुर के साथ भिलाई और बिलासपुर में भी सुविधा उपलब्ध होने से अलग-अलग शहरों में रहने वाले परिवार इसका लाभ उठा सकेंगे।

बैठक में डीसीपी श्री तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट के श्री सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन अकेडमी के श्री देबाजीत चटर्जी एवं श्री महेंद्र चंद्रा उपस्थित रहे। पुलिस एवं जेल कर्मियों के परिवारों के लिए बनी यह सहमति बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में उपयोगी पहल साबित होगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।