

मस्तूरी के किरारी, टिकारी, मल्हार और धुर्वाकारी उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण; चेकलिस्ट लेकर पहुंचे अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, जर्जर भवन तोड़ने के निर्देश, 15 जनवरी के बाद होगी डीओ प्रक्रिया
वीडियो में देखिए सीईओ प्रभात मिश्रा धान खरीदी करने को लेकर क्या बोले
बिलासपुर। धान खरीदी के शुरुआती दौर में प्रशासनिक तैयारियों की हकीकत जानने अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ सीधे धान उपार्जन केंद्रों पर पहुंचे। मस्तूरी विकासखंड के किरारी, टिकारी, मल्हार और धुर्वाकारी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर उन्होंने व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। खास बात यह रही कि प्रभारी सचिव केवल अधिकारियों की रिपोर्ट सुनने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि चेकलिस्ट लेकर मौके पर पहुंचे और धान की तौल से लेकर नमी मापने तक की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, तौल मशीनों, कैमरों, पेयजल, छाया, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी केंद्रों में तौल मशीनों की नियमित जांच कराई जाए और किसानों के लिए बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।
किरारी में एक किसान लेकर पहुंचा धान, सचिव ने खुद देखी तौल प्रक्रिया
किरारी धान उपार्जन केंद्र में प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने किसान जनकराम साहू के धान की तौल कराई और नमी मापने की प्रक्रिया देखी। किसान जनकराम साहू करीब 10 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे थे। उनके पास 47 डिसमिल कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी उन्होंने लगभग इतनी ही मात्रा में धान बेचा था। निरीक्षण के दिन केंद्र में धान बेचने पहुंचे वे अकेले किसान थे।
किरारी समिति में कुल 1,166 किसान पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने प्रभारी सचिव को बताया कि क्षेत्र में अब तक लगभग 2 प्रतिशत ही धान की कटाई हुई है। सरना धान का रकबा अधिक होने के कारण फिलहाल खरीदी केंद्रों में आवक कम है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह से धान की आवक में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में खरीदी का दबाव बढ़ने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जर्जर समिति भवन को तोड़ने के निर्देश, स्टैकिंग पर विशेष जोर
प्रभारी सचिव ने किरारी समिति के जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खरीदी केंद्रों में नियमित साफ-सफाई रखने और धान का व्यवस्थित तरीके से स्टैक लगाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि इस बार डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) की प्रक्रिया धान खरीदी समाप्त होने के बाद, 15 जनवरी के पश्चात की जाएगी। इसलिए धान की समुचित और सुव्यवस्थित स्टैकिंग बेहद जरूरी है। इससे धान के भौतिक सत्यापन में भी आसानी होगी।
उन्होंने केंद्रों में लगे कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने, तौल मशीनों की नियमित जांच कराने और किसानों के लिए छाया, पेयजल तथा शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। प्रभारी सचिव ने प्रशासनिक तैयारियों पर संतोष जताते हुए किसानों से भी चर्चा की और उनके सुझाव लिए।
दूसरे दिन खाते में भुगतान, छोटे किसानों को मिल रही राहत
धान खरीदी केंद्रों में पहुंचे किसानों ने बताया कि धान बेचने के दूसरे दिन ही भुगतान मिल जाने से उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। किसानों ने शासन के इस फैसले की भी सराहना की कि 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल तक की आदान सहायता का लाभ मिलेगा।
शुरुआती दौर में छोटे किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक पिछले तीन दिनों में करीब 500 किसानों ने 13,500 क्विंटल धान की बिक्री की है। इसकी कुल कीमत लगभग 4.25 करोड़ रुपये बताई गई है। खरीदी के शुरुआती चरण में ही इतनी बड़ी मात्रा में धान की बिक्री से केंद्रों में गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
दिसंबर के पहले सप्ताह से बढ़ेगी आवक
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार फिलहाल धान की कटाई कम होने के कारण उपार्जन केंद्रों में आवक सीमित है। मस्तूरी क्षेत्र में अब तक करीब 2 प्रतिशत कटाई हुई है। सरना धान का रकबा अधिक होने के कारण खरीदी की रफ्तार अभी धीमी है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह से कटाई और आवक बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रभारी सचिव ने पहले से ही सभी केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि आवक बढ़ने पर किसानों को किसी तरह की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, एसडीएम बजरंग वर्मा, नोडल अधिकारी आशीष दुबे और जिला विपणन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
500 से अधिक किसानों ने बेचा धान, किसी केंद्र से शिकायत नहीं : प्रभात मिश्रा
जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा ने बताया कि जिले में अब तक 500 से अधिक किसान धान की बिक्री कर चुके हैं। सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि अभी तक किसी भी केंद्र से किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई है। जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन लगातार धान खरीदी की निगरानी कर रहे हैं। किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।
