साय के ‘फ्यूज बल्ब’ वाले बयान पर कांग्रेस का तीखा पलटवार, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता बोले- आजादी से लेकर लोकतंत्र और संविधान के अधिकारों तक कांग्रेस ने जलाई है मशाल; दिल्ली चाबी भरती है और आप चलते हैं, ऐसा याद किया जा रहा आपका कार्यकाल
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान कांग्रेस को फ्यूज बल्ब क्या कहा, प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई। मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस कोई बिजली का बल्ब नहीं, बल्कि जनता के हक की मशाल है, जिसे न सत्ता बुझा सकती है और न सत्ता का अहंकार। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय नारायण राय ने मुख्यमंत्री को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस को फ्यूज बताने से पहले उन्हें उसके इतिहास और संघर्ष को समझना चाहिए।
अभय नारायण राय ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के पहले देश की स्वतंत्रता के लिए मशाल जलाई। सत्ता में रहते हुए विकास की मशाल जलाई, लोकतंत्र को मजबूत करने की मशाल जलाई और संविधान के तहत जनता को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। कांग्रेस देश की लोकतांत्रिक विचारधारा है। इसे न सत्ता बुझा सकती है और न ही सत्ता का अहंकार।
कांग्रेस को नहीं, अपनी सरकार को रोशनी में देखिए मुख्यमंत्री जी
कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, कांग्रेस को फ्यूज बताने के बजाय अपनी सरकार का स्विच दबाकर देखिए। प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई का क्या हाल है? किसानों की समस्याओं का क्या हुआ? अधूरे वादों का जवाब कौन देगा? प्रदेश नशे की गिरफ्त में है, सट्टे का कारोबार बढ़ रहा है और कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है। सड़कों की हालत बदहाल है। मुख्यमंत्री बताएं कि इन समस्याओं को वे किस रोशनी में देखना चाहेंगे?
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, ट्यूबलाइट मत बनिए। कांग्रेस सूरज की रोशनी है, जो हमेशा जनता के हक की मशाल लेकर खड़ी रहती है। कांग्रेस की विचारधारा किसी बिजली के स्विच की मोहताज नहीं है।
दिल्ली चाबी भरती है और आप चलते हैं…
अभय नारायण राय ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल पर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि आपका कार्यकाल इस कहावत के साथ याद किया जा रहा है- ‘जितनी भरी राम ने, उतना चले खिलौना।’ दिल्ली चाबी भरती है और आप चलते हैं। मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता के सवालों और समस्याओं पर जवाब देना चाहिए, न कि विपक्ष को राजनीतिक उपमाएं देकर अपनी जिम्मेदारियों से ध्यान भटकाना चाहिए।
मंच पर फ्यूज बल्ब देखकर कहीं और तो नहीं साध लिया निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री के बयान पर एक और तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि मंच पर भारतीय जनता पार्टी के फ्यूज बल्बों को देखकर मुख्यमंत्री ने ‘कहीं पे निगाहें, कहीं पे निशाना’ कर दिया। कांग्रेस को फ्यूज बताने वाले मुख्यमंत्री को पहले अपनी पार्टी और सरकार की स्थिति पर नजर डालनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह मुख्यमंत्री के इस बयान को चुपचाप स्वीकार करने वाली नहीं है। अभय नारायण राय के तीखे पलटवार ने अब इस राजनीतिक बयानबाजी को और धार दे दी है।
