Latest news

शहर में सड़क डामरीकरण का कार्य शुरू, गुरूनानक चौक से राजकिशोर नगर सड़क से हुई शुरूआत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

गुरुनानक चौक से शनिदेव मंदिर होते हुए शक्ति चौक तक 9 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क

महापौर पूजा विधानी ने किया कार्य का शुभारंभ

नगर निगम क्षेत्र की अन्य सड़कों का भी डामरीकरण होगा जल्द प्रारंभ

बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र में डामरीकरण की प्रतीक्षा कर रही सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया। शासन द्वारा डामर की दरों में वृद्धि को स्वीकृति दिए जाने के बाद शहर में डामरीकरण कार्यों को शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में आज गुरुनानक चौक से शनिदेव मंदिर होते हुए शक्ति चौक तक मुख्यमंत्री नगरीकरण योजना के अंतर्गत लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं स्थानीय पार्षद श्री लाल्टू घोष ने विधिवत पूजा-अर्चना कर डामरीकरण कार्य की शुरुआत की। सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा सड़क की स्थिति बेहतर होने से यातायात भी सुगम होगा। उल्लेखनीय है कि डामर की दरों में वृद्धि को लेकर शासन स्तर पर निर्णय लंबित होने के कारण नगर निगम क्षेत्र में कई सड़कों के डामरीकरण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे थे। दरों में वृद्धि को शासन की स्वीकृति मिलने के बाद अब इन कार्यों को प्रारंभ करने का रास्ता साफ हो गया है।
निगम क्षेत्र में जिन सड़कों का निर्माण कार्य प्रगतिरत है और डामरीकरण शेष है,उन सभी सड़कों के डामरीकरण का काम जल्द ही शुरू होगा। इसके अलावा जिन सड़कों का काम शुरू ही नहीं हुआ है उन्हें भी प्राथमिकता के साथ शीघ्र शुरू कराया जाएगा। निगम का प्रयास है कि लंबित सड़क निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कर नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर एल्डरमेन श्री शेखर पॉल,श्री जुगलकिशोर गोयल,जोन कमिश्नर श्री भूपेंद्र उपाध्याय,जोन कमिश्नर श्रीमती सागर राज,अधीक्षण अभियंता श्री शारदा प्रसाद साहू,कार्यपालन अभियंता श्री आशीष पांडेय भी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।