Latest news

स्वच्छता में बिलासपुर का राष्ट्रीय स्तर पर डंका… लगातार दूसरे साल राष्ट्रपति पुरस्कार, रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देश में दूसरा स्थान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
19 Min Read

28वीं रैंक से टॉप-3 तक का सफर: संसाधनों में बढ़ोतरी, आधुनिक मशीनें, 191 कचरा वाहन, 2063 सफाईकर्मी और जनभागीदारी ने बदली शहर की तस्वीर; रीवा पहले और वाराणसी तीसरे स्थान पर

नई दिल्ली/बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिलासपुर को देश के सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन (नदी तटवर्ती शहर) की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-3 में जगह बनाकर बिलासपुर ने न केवल छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है, बल्कि देश के बड़े और प्रतिष्ठित शहरों के बीच अपनी अलग पहचान भी स्थापित की है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बिलासपुर को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महापौर पूजा विधानी, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया।

Contents
28वीं रैंक से टॉप-3 तक का सफर: संसाधनों में बढ़ोतरी, आधुनिक मशीनें, 191 कचरा वाहन, 2063 सफाईकर्मी और जनभागीदारी ने बदली शहर की तस्वीर; रीवा पहले और वाराणसी तीसरे स्थान पर28वीं रैंक से टॉप-3 तक, आखिर कैसे बदली बिलासपुर की तस्वीर?1. डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन: 124 से बढ़कर 191 वाहन2. मैकेनाइज्ड और मैन्युअल सफाई का विस्तार: 27 से बढ़कर 49.34 किलोमीटर3. तिफरा में सीएंडडी प्लांट: मलबे से तैयार हो रहे उपयोगी उत्पाद4. महिलाओं के लिए चार पिंक टॉयलेट, तीन आकांक्षी शौचालय5. जागरूकता अभियान: बिल्लू बिलासपुरिया से स्वच्छता पेट्रोल तक6. 79 सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार7. वेस्ट टू वंडर: कचरे से तैयार हुई शहर की खूबसूरती8. यूजर चार्ज में 37.05 प्रतिशत की वृद्धि9. वाटर वेस्ट प्रबंधन: दो से बढ़कर चार एसटीपीजनभागीदारी और मीडिया की भूमिका भी रही अहमजनप्रतिनिधियों ने बताया शहर के लिए गौरव का क्षणनगर निगम में जश्न, सफाई मित्रों ने फोड़े पटाखेअब चुनौती नंबर-1 बनने की

इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए श्रेणियों में बदलाव किया गया था। रिवर फ्रंट, तटीय और हिमालयी शहरों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई गईं। इसी नई श्रेणी में बिलासपुर ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग में रीवा पहले और वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। देशभर के कुल 4751 शहर इस सर्वेक्षण में शामिल थे। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में भी बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया था। वहीं, वर्ष 2023 के सर्वेक्षण में शहर 28वें स्थान पर था। महज दो वर्षों में 28वीं रैंक से लगातार शीर्ष तीन में पहुंचना नगर निगम की स्वच्छता रणनीति और शहर में हुए व्यवस्थागत बदलावों को दर्शाता है।

बिलासपुर को पहले ही गार्बेज फ्री सिटी में 5 स्टार और ओडीएफ++ का दर्जा मिल चुका है। अब लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने से शहर की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।

28वीं रैंक से टॉप-3 तक, आखिर कैसे बदली बिलासपुर की तस्वीर?

बिलासपुर की यह उपलब्धि अचानक नहीं मिली। इसके पीछे संसाधनों में वृद्धि, सफाई व्यवस्था का विस्तार, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, अधिकारियों की निगरानी, नागरिकों की भागीदारी और लगातार चलाए गए जागरूकता अभियानों की लंबी प्रक्रिया रही है।

स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की टीम ने मई माह में बिलासपुर का दौरा कर जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण किया था। इसमें शहर की साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, नागरिकों का फीडबैक और उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। सर्वेक्षण की तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने अलग टीम गठित की थी। इस टीम ने पूरे वर्ष स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों और विशेष अभियानों को संचालित किया।

इस बदलाव के पीछे सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि नगर निगम ने केवल पुराने शहरी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित नहीं किया, बल्कि निगम सीमा में शामिल नए और अपेक्षाकृत ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को भी समान प्राथमिकता दी।

1. डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन: 124 से बढ़कर 191 वाहन

शहर की स्वच्छता व्यवस्था की पहली कड़ी घरों से निकलने वाले कचरे का नियमित संग्रहण है। नगर निगम ने सबसे पहले डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

पुराने शहरी क्षेत्र के 45 वार्डों में रामकी कंपनी के माध्यम से घरों से कचरा एकत्रित कर उसका निष्पादन किया जाता है। वहीं, निगम में शामिल नए 25 वार्डों में मिशन क्लीन सिटी के तहत एसआरएलएम सेंटरों के माध्यम से स्वच्छता दीदियां घरों से कचरा एकत्रित करती हैं। इसके बाद कचरे का पृथक्करण कर उसका उचित निष्पादन किया जाता है।

नए क्षेत्रों में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वर्ष 2024 में 15वें वित्त आयोग की राशि से 36 छोटी टिपर गाड़ियों की खरीदी की गई। इसके अलावा इस वर्ष रामकी कंपनी ने कचरा संग्रहण के लिए 26 इलेक्ट्रिक वाहन भी व्यवस्था में शामिल किए।

इसका परिणाम यह हुआ कि वर्ष 2023-24 में कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या 124 थी, जो बढ़कर अब 191 हो गई है।

वर्तमान में नगर निगम के 70 वार्डों में कुल 1,79,180 घरों से प्रतिदिन लगभग 270 टन कचरा एकत्रित किया जाता है। इस कार्य में 700 कर्मचारी जुटे हैं, जिनमें 449 स्वच्छता दीदियां शामिल हैं। कचरे को कछार स्थित आरडीएफ प्लांट और एसआरएलएम सेंटरों तक पहुंचाकर उसका पृथक्करण एवं निष्पादन किया जाता है।

2. मैकेनाइज्ड और मैन्युअल सफाई का विस्तार: 27 से बढ़कर 49.34 किलोमीटर

बिलासपुर के पुराने शहरी क्षेत्रों में पिछले छह वर्षों से मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और मोहल्लों की सड़कों की मैकेनाइज्ड और मैन्युअल सफाई की व्यवस्था संचालित थी। लेकिन निगम में शामिल नए क्षेत्रों में सफाई का स्तर अपेक्षाकृत कमजोर था।

इस अंतर को दूर करने के लिए जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों ने प्रयास किया। नगरीय प्रशासन विभाग की स्वीकृति के बाद नए क्षेत्रों में भी आधुनिक मशीनों और सफाई कर्मचारियों के माध्यम से नियमित सफाई शुरू की गई।

पहले प्रतिदिन 27 किलोमीटर क्षेत्र में मैकेनाइज्ड और मैन्युअल स्वीपिंग होती थी। इसमें 1330 सफाईकर्मी और 475 बीट निर्धारित थीं। अब इसका दायरा बढ़कर प्रतिदिन 49.34 किलोमीटर हो गया है। सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 2063 और बीट की संख्या 750 पहुंच गई है।

इस विस्तार से शहर के पुराने और नए दोनों क्षेत्रों की सड़कों की सफाई व्यवस्था में सुधार आया।

3. तिफरा में सीएंडडी प्लांट: मलबे से तैयार हो रहे उपयोगी उत्पाद

निर्माण और विध्वंस से निकलने वाला मलबा यानी सीएंडडी वेस्ट शहरों की स्वच्छता के लिए बड़ी चुनौती होता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने तिफरा में सीएंडडी प्लांट स्थापित किया।

यहां निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे को प्रोसेस कर गमले, पेवर ब्लॉक और ईंटों जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इससे एक ओर शहर में मलबे के अव्यवस्थित निस्तारण पर रोक लगाने में मदद मिल रही है, वहीं दूसरी ओर अनुपयोगी सामग्री का पुनः उपयोग भी संभव हुआ है।

4. महिलाओं के लिए चार पिंक टॉयलेट, तीन आकांक्षी शौचालय

स्वच्छता का मतलब केवल सड़कें साफ रखना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से नगर निगम ने महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर में चार पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया।

इन शौचालयों में महिलाओं की सुविधा और स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में उच्च सुविधाओं से युक्त तीन आकांक्षी शौचालय भी बनाए गए।

महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराने की इस पहल को सर्वेक्षण के दौरान महत्वपूर्ण माना गया।

5. जागरूकता अभियान: बिल्लू बिलासपुरिया से स्वच्छता पेट्रोल तक

स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम बनाकर सफलता हासिल नहीं की जा सकती। इसमें आम नागरिकों की भागीदारी सबसे जरूरी है। नगर निगम ने इसी सोच के साथ पूरे वर्ष स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

शहर में जीरो वेस्ट कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। सामाजिक संगठनों और गैर सरकारी संस्थाओं को अभियान से जोड़ा गया। नागरिकों को कचरे का पृथक्करण, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

नगर निगम ने स्वच्छता के प्रति लोगों को आकर्षित करने के लिए अपना शुभंकर ‘बिल्लू बिलासपुरिया’ भी लॉन्च किया। यह शुभंकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता का संदेश देता रहा।

इसके साथ ही निगम ने अभिनव पहल करते हुए ‘स्वच्छता पेट्रोल’ टीम का गठन किया। मोबाइल वैन के माध्यम से यह टीम शहर में भ्रमण करती है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों को समझाइश देने के साथ नियमों के उल्लंघन पर अर्थदंड भी लगाया जाता है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

6. 79 सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार

शहर के सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत सभी 79 सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार कराया गया।

इन शौचालयों में फीडबैक मशीनें लगाई गईं, ताकि नागरिक अपनी शिकायत, सुझाव और संतुष्टि दर्ज करा सकें। महिलाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें तथा उपयोग किए गए नैपकिन के सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसीनेटर मशीनें भी लगाई गईं।

इससे सार्वजनिक शौचालयों की उपयोगिता और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।

7. वेस्ट टू वंडर: कचरे से तैयार हुई शहर की खूबसूरती

कचरे को केवल समस्या मानने के बजाय उससे उपयोगी और आकर्षक चीजें तैयार करने की दिशा में भी नगर निगम ने काम किया। शहर में 15 वेस्ट टू वंडर स्थल विकसित किए गए।

इन स्थानों पर अनुपयोगी सामान और कचरे को रिसाइकिल कर सजावटी एवं आकर्षक वस्तुएं तैयार की गईं। इस पहल से नागरिकों को कचरे के पुनः उपयोग का संदेश मिला और शहर के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिला।

8. यूजर चार्ज में 37.05 प्रतिशत की वृद्धि

नगर निगम की स्वच्छता सेवाओं के बदले नागरिकों से लिए जाने वाले यूजर चार्ज में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। निगम के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 9,13,09,000 रुपये यूजर चार्ज प्राप्त हुआ था। वर्ष 2024-25 में यह राशि बढ़कर 14,50,57,000 रुपये हो गई।

वहीं, वर्ष 2025-26 में इसमें 37.05 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और कुल 15,09,80,000 रुपये यूजर चार्ज प्राप्त हुआ।

निगम प्रशासन इसे स्वच्छता सेवाओं के प्रति नागरिकों की सहभागिता और शुल्क भुगतान में बढ़ती भागीदारी के रूप में देख रहा है।

9. वाटर वेस्ट प्रबंधन: दो से बढ़कर चार एसटीपी

स्वच्छता के साथ जल प्रदूषण पर नियंत्रण भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल रहा। शहर के नालों से निकलने वाले पानी का शोधन कर दोबारा उपयोगी बनाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी एसटीपी की व्यवस्था का विस्तार किया गया।

पहले शहर में चिल्हाटी और दोमुहानी में दो एसटीपी संचालित थे। अब कोनी और ज्वाली नाला एसटीपी शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर चार हो गई है।

इसके अलावा अरपा नदी और शहर के तालाबों के पुनरुत्थान के लिए विशेष अभियान चलाए गए। सीवर लाइन की व्यवस्थित सफाई के लिए पिछले वर्ष दो सीवर सक्शन मशीन और एक विशेष सीवर वाहन खरीदा गया।

एसआरएलएम सेंटरों में सेनेटरी पैड और डायपर जैसे कचरे के निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करने के लिए पांच इंसीनेटर मशीनें स्थापित की गईं। इसके साथ ही शहर के गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट यानी जीवीपी स्थलों को चिह्नित कर उनकी स्थिति सुधारने का अभियान चलाया गया।

जनभागीदारी और मीडिया की भूमिका भी रही अहम

बिलासपुर की स्वच्छता संबंधी उपलब्धि में नगर निगम के संसाधनों और कर्मचारियों के साथ शहरवासियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। स्वच्छता अभियान को लगातार चर्चा में बनाए रखने, गंदगी की समस्याओं को सामने लाने और प्रशासन को जवाबदेह बनाने में मीडिया तथा सोशल मीडिया की सक्रियता ने भी योगदान दिया।

शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई मित्रों के सामूहिक प्रयास से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश की गई।

जनप्रतिनिधियों ने बताया शहर के लिए गौरव का क्षण

तोखन साहू, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री: उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में बिलासपुर का दूसरा स्थान हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि शासन-प्रशासन के साथ आम जनता भी अस्वच्छता को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में बिलासपुर स्वच्छता एवं शहरी विकास का नया रोल मॉडल बनेगा।

अमर अग्रवाल, विधायक बिलासपुर: उन्होंने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में बिलासपुर ने अपनी प्रभावी सहभागिता दर्ज कराई है। यह उपलब्धि पूरे शहर की है और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इस उपलब्धि को बरकरार रखना अब सभी की जिम्मेदारी है।

धरमलाल कौशिक: उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिलना सभी शहरवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। यह उपलब्धि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और व्यवस्थित विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

धर्मजीत सिंह: उन्होंने कहा कि बिलासपुर को देशभर में दूसरा स्थान मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान जनभागीदारी, बेहतर नगर प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने शहर की जनता, नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेष रूप से स्वच्छता मित्रों को बधाई दी।

सुशांत शुक्ला, विधायक बेलतरा: उन्होंने कहा कि हमर बिलासपुर का देश में दूसरे स्थान पर चयन होना सभी के लिए हर्ष और गर्व की बात है। आने वाले समय में बिलासपुर को पहले स्थान पर पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

पूजा विधानी, महापौर: उन्होंने शहरवासियों और नगर निगम कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। आम जनता के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। इस सम्मान से भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

संजय अग्रवाल, कलेक्टर: उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना पूरे बिलासपुर के लिए गर्व का क्षण है। इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की टीम और नागरिक बधाई के पात्र हैं। भविष्य में इस स्थान को बरकरार रखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे।

प्रकाश कुमार सर्वे, नगर निगम आयुक्त: उन्होंने निगम की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि बेहतर टीमवर्क और जनता के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

नगर निगम में जश्न, सफाई मित्रों ने फोड़े पटाखे

राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने और रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल करने की खबर से बिलासपुर नगर निगम में उत्साह का माहौल रहा। विकास भवन स्थित नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

इस उपलब्धि के सबसे महत्वपूर्ण भागीदार सफाई मित्रों ने भी खुशी जाहिर की। सफाई कर्मचारियों ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जश्न मनाया। जिन कर्मचारियों ने दिन-रात शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में मेहनत की, उनके लिए यह सम्मान विशेष मायने रखता है।

अब चुनौती नंबर-1 बनने की

बिलासपुर ने वर्ष 2023 में 28वीं रैंक से शुरुआत करते हुए 2024 में दूसरा स्थान हासिल किया और 2025 में भी शीर्ष तीन में अपनी जगह बरकरार रखी। यह सफर बताता है कि योजनाबद्ध प्रयास, पर्याप्त संसाधन, तकनीक, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनभागीदारी मिलकर किसी शहर की तस्वीर बदल सकते हैं।

हालांकि, राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करना जितनी बड़ी उपलब्धि है, उसे बनाए रखना और पहले स्थान तक पहुंचना उससे भी बड़ी चुनौती होगी। शहर के सामने अब सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने, नए क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करने, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, अरपा नदी और तालाबों के संरक्षण तथा नागरिकों की भागीदारी को और मजबूत करने की जिम्मेदारी है।

बिलासपुर की इस उपलब्धि का असली संदेश यही है कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक प्रतिबद्धता है। 28वीं रैंक से देश के दूसरे सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन तक पहुंचने वाला बिलासपुर अब नंबर-1 बनने की नई उम्मीद और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।