Latest news

बिलासपुर में भाईदूज के दिन बेटे ने पिता को लोहे की रॉड से पीटा, फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग; इलाज के दौरान 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
7 Min Read

10 डिसमिल जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद, 90 फीसदी झुलस गए थे विश्राम केंवट; दो दिन पहले पत्नी के साथ पहुंचकर पिता और बहन को दी थी हत्या की धमकी
पत्नी की मौत के बाद बेटी-दामाद के साथ रह रहे थे बुजुर्ग, घर में अकेला पाकर बेटे ने किया हमला; पिता को जलता देख बेटी ने पानी डालकर बुझाई आग


बिलासपुर। भाईदूज के दिन जब घरों में भाई-बहन के रिश्तों का पर्व मनाया जा रहा था, उसी दिन एक बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले लोहे की रॉड से बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा और फिर शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे 76 वर्षीय पिता की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बेटी ने घर से पानी लाकर आग बुझाई और ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। करीब 90 फीसदी तक झुलस चुके विश्राम केंवट ने जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सिम्स में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से फरार बताए जा रहे आरोपी बेटे आशाराम केंवट को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर के धवईहापारा का है।
घटना के पीछे 10 डिसमिल जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि पिता के पास कुल 30 डिसमिल जमीन थी। इसके तीन बराबर हिस्से किए जाने थे। एक हिस्सा पिता विश्राम केंवट के पास रहना था, जबकि बाकी दो हिस्से बेटे आशाराम और बेटी दुरपति बाई को मिलने थे। इसी बंटवारे को लेकर आशाराम नाराज चल रहा था। वह बार-बार पिता के पास पहुंचकर जमीन में अपना हिस्सा मांगता और विवाद करता था। जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि करीब दो साल पहले विश्राम केंवट ने बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत भी की थी।
दो दिन पहले पत्नी के साथ पहुंचा था, पिता और बहन को दी थी हत्या की धमकी
परिजनों के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले भी आशाराम अपनी पत्नी के साथ पिता के घर पहुंचा था। उस दौरान जमीन को लेकर विवाद हुआ और उसने पिता विश्राम केंवट तथा अपनी बहन दुरपति बाई की हत्या करने की धमकी दी थी। इसके बाद बुधवार को वह फिर लोहे का हथियार और पेट्रोल लेकर ग्राम सेलर पहुंच गया। इस बार घर में पिता अकेले थे। बेटी दुरपति कुछ देर के लिए पड़ोस में गई हुई थी, जबकि दामाद गंगा प्रसाद काम से बाहर था। घर में मौजूद नौ वर्षीय पोती सीमा ने मां को मामा आशाराम के आने की जानकारी दी। दुरपति घर पहुंची, लेकिन इसी बीच पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हो चुका था।
लोहे के हथियार से हमला, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे आरोपी आशाराम ने पिता विश्राम केंवट पर लोहे के हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उनके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही बुजुर्ग लपटों से घिर गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान बेटी दुरपति बाहर निकली तो पिता को जलता देखकर घबरा गई। उसने तत्काल घर के भीतर से पानी लाकर आग बुझाई। इस दौरान आग बुझाने और बीच-बचाव की कोशिश में कुछ अन्य लोग भी झुलस गए। बाद में ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और गंभीर रूप से घायल विश्राम को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।
90 फीसदी झुलस चुका था शरीर, गुरुवार सुबह तोड़ा दम
हमले में विश्राम केंवट का शरीर करीब 90 फीसदी तक झुलस गया था। उनकी हालत गंभीर होने के कारण सिम्स में उपचार जारी था। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, बुजुर्ग की स्थिति बेहद नाजुक थी। घटना के बाद से वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह के मुताबिक, बुजुर्ग लगभग 90 फीसदी झुलसे हुए थे। पिता की मौत की खबर के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पत्नी की मौत के बाद बेटी-दामाद बने थे सहारा
विश्राम केंवट के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। करीब 12 साल पहले उनकी पत्नी और एक बेटे परसु की मौत हो चुकी थी, जबकि उनका एक बेटा पिछले 15 साल से लापता है। बड़ा बेटा आशाराम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रहता था। उम्र अधिक होने के कारण विश्राम को अकेले रहने और खेती-बाड़ी के काम में परेशानी होती थी। ऐसे में उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और दामाद गंगा प्रसाद को अपने साथ रखा था। बेटी-दामाद उनकी देखभाल के साथ खेती-बाड़ी का काम भी संभालते थे। इसी बीच जमीन के हिस्से को लेकर पिता और बड़े बेटे के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया।
पहले हत्या के प्रयास का मामला, मौत के बाद आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद सीपत पुलिस अस्पताल पहुंची थी। उस समय विश्राम केंवट की हालत इतनी गंभीर थी कि वह बयान देने की स्थिति में नहीं थे। पुलिस ने बेटी दुरपति बाई के बयान के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। अब उपचार के दौरान विश्राम की मौत हो गई है। एएसपी पंकज कुमार पटेल के मुताबिक, सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर अपराध दर्ज किया है। वारदात के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच जारी है।


पुलिस का पक्ष: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल के अनुसार, सीपत थाना क्षेत्र में बुजुर्ग पर हमला कर पेट्रोल से आग लगाने की घटना में आरोपी बेटे को हिरासत में लिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।