Latest news

12 नवंबर से छत्तीसगढ़ में ड्राइवरों का ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’, अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

ड्राइवर आयोग के गठन, 20 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा और पेंशन समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई; मांगें पूरी होने तक गाड़ियां खड़ी रखने की अपील
बिलासपुर। अपने अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान की मांग को लेकर अब ड्राइवरों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महा संगठन ने 12 नवंबर 2026 से देशभर में अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’ शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलन के तहत ड्राइवर अपनी गाड़ियां खड़ी रखेंगे और मांगें पूरी होने तक स्टेयरिंग नहीं थामने का संकल्प लेंगे। संगठन ने छत्तीसगढ़ समेत देशभर के सभी ड्राइवरों से आंदोलन में एकजुट होकर शामिल होने की अपील की है।
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ड्राइवर लंबे समय से अपनी मूलभूत सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, पेंशन और सम्मान से जुड़ी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लगातार अनदेखी से नाराज ड्राइवर संगठनों ने अब आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है।
ड्राइवरों की पांच सूत्रीय मांगें
1. ड्राइवर आयोग और कल्याण बोर्ड का गठन: ड्राइवरों के अधिकारों, समस्याओं और हितों की सुरक्षा के लिए स्वतंत्र ड्राइवर आयोग बनाया जाए। साथ ही ड्राइवरों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाए।
2. 20 लाख का दुर्घटना बीमा और पेंशन: प्रत्येक ड्राइवर को 20 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले ड्राइवरों को सम्मानजनक पेंशन की सुविधा दी जाए, ताकि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
3. दुर्घटनाओं में सैनिकों जैसा सम्मान और निष्पक्ष न्याय: सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में ड्राइवरों को सीधे अपराधी मानने के बजाय उनकी परिस्थितियों को समझते हुए निष्पक्ष न्याय दिया जाए। संगठन की मांग है कि ड्राइवरों को भी देश के सैनिकों के समान सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा मिले।
4. 1 सितंबर को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस पर सरकारी अवकाश: एक सितंबर को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के रूप में मान्यता दी जाए और इस अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि देश की परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ड्राइवरों को सम्मान मिल सके।
5. ड्राइवरों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस व्यवस्था: संगठन ने ड्राइवरों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी मांगों पर शासन स्तर पर प्रभावी निर्णय लेने की जरूरत बताई है। पांच सूत्रीय मांगों के माध्यम से ड्राइवरों के लिए स्थायी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
‘अबकी बार आर-पार, ड्राइवर एकता जिंदाबाद’
संगठन ने आंदोलन को लेकर जारी अपील में कहा है कि 12 नवंबर से सभी ड्राइवर अपनी गाड़ियां खड़ी कर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन का समर्थन करें। जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक स्टेयरिंग नहीं थामें। संगठन का कहना है कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि देशभर के ड्राइवरों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है।
आंदोलन से जुड़ने के लिए जारी किए मोबाइल नंबर
ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महा संगठन ने आंदोलन में शामिल होने और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए तीन मोबाइल नंबर जारी किए हैं।
8085401673
7225997263
7222962010
संगठन ने ‘अबकी बार आर-पार, ड्राइवर एकता जिंदाबाद’ का नारा देते हुए देशभर के ड्राइवरों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।