Latest news

केंद्रीय राज्यमंत्री  तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 13 नवंबर को कंतेली आगमन की तैयारियों की संभाली कमान, विधायक पुन्नूलाल मोहले के साथ ली महत्वपूर्ण बैठक

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

मोदी की गारंटी’ को धरातल पर साकार करने की दिशा में मुंगेली को मिलेगी विकास की नई सौगात, मुख्यमंत्री करेंगे कॉलेज सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण

मुंगेली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करने और छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर जनकल्याण एवं विकास के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में 13 नवंबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुंगेली विधानसभा के ग्राम पंचायत कंतेली पहुंचेंगे और कॉलेज सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की महत्वपूर्ण सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण प्रवास को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने सक्रिय पहल करते हुए मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले के साथ ग्राम कंतेली में जनप्रतिनिधियों, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। श्री साहू ने सभी से सुझाव आमंत्रित करते हुए सामूहिक सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘मोदी की गारंटी’ केवल संकल्प नहीं, बल्कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने का विश्वास है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इन संकल्पों को एक-एक कर धरातल पर साकार कर रही है। मुंगेली विधानसभा में कॉलेज सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण शिक्षा के विस्तार, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा देने वाला है। विकास का वास्तविक उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं और अवसर पहुंचाना है। इसी भावना के साथ सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का मुंगेली आगमन क्षेत्र के लिए उत्साह और गौरव का अवसर है। यह आयोजन केवल विकास कार्यों के लोकार्पण तक सीमित नहीं, बल्कि जनविश्वास, जनभागीदारी और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों से एकजुट होकर मुख्यमंत्री के स्वागत एवं कार्यक्रम की सफलता में सहभागी बनने की अपील की।

बैठक में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, श्री शैलेश पाठक, श्रीमती रजनी मानिक सोनवानी, श्री नितेश भारद्वाज, श्री अश्वनी चंद्राकर, श्री संतोष चतुरगोष्टि सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, भाजपा संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।