बिलासपुर। चांटीडीह के रामायण चौक स्थित माधव ट्रेडर्स में नकली सामान की बिक्री की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के आधार पर की गई। कंपनी की ओर से विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की शिकायत विभाग से की गई थी। इसके बाद टीम ने दुकान पहुंचकर सामान की जांच की और कई उत्पादों के सैंपल लेकर संबंधित सामग्री को जब्त किया।
जांच के दौरान टीम ने सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड की ताजा चाय पत्ती, इनो समेत अन्य उत्पादों के सैंपल लिए। विभाग के अधिकारियों ने इन सैंपलों को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त किए गए उत्पादों में किसी तरह की अनियमितता है या वे डुप्लीकेट हैं।
कंपनी की शिकायत पर पहुंची विभागीय टीम
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी रमन देवांगन ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से विभाग को शिकायत मिली थी। शिकायत में विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट सामान की जानकारी दी गई थी। शिकायत के आधार पर शुक्रवार को माधव ट्रेडर्स में जांच कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड की ताजा चाय पत्ती और इनो सहित अन्य उत्पादों के सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही उत्पादों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संचालक ने सौंपे बिल और दस्तावेज
वहीं, माधव ट्रेडर्स के संचालक मनोहर लाल वाधवानी ने विभागीय कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को संबंधित सामान के बिल और दस्तावेज सौंपने की बात कही है। उनका कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से व्यापार विहार स्थित संतोष जनरल स्टोर से सामान की खरीदी करते आ रहे हैं।
संचालक के मुताबिक, जिन सामग्रियों के सैंपल विभागीय अधिकारियों ने लिए हैं, उनसे संबंधित उनके पास उपलब्ध सभी बिल और दस्तावेज अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किसी तरह की गलत सामग्री जानबूझकर नहीं बेची गई है।
वाधवानी ने यह भी कहा कि बाजार में जिस रेट पर असली सामान उपलब्ध है, उसी के अनुसार उन्होंने सामान की कीमत तय की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जांच रिपोर्ट से खुलेगा असली-नकली का राज
माधव ट्रेडर्स में हुई कार्रवाई के बाद अब विभागीय जांच रिपोर्ट पर नजर है। फिलहाल कार्रवाई के दौरान लिए गए सैंपलों की जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि संबंधित उत्पाद मानकों के अनुरूप और वास्तविक हैं या इनमें डुप्लीकेट सामग्री की पुष्टि होती है।
विभाग ने सैंपल सुरक्षित कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट के निष्कर्ष के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल केवल शिकायत के आधार पर कार्रवाई हुई है और उत्पादों के नकली होने की अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही मानी जाएगी।



