दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल हुए बिलासपुर के बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता, निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन से 400 से अधिक कार्यकर्ताओं को मिला आरक्षण का लाभ
बिलासपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व और इंडिया गठबंधन के संयुक्त आह्वान पर 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के बाद बिलासपुर के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता वापस लौट आए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर जिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस के नेतृत्व में बिलासपुर से बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे।
महारैली में भाग लेने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जत्था 3 नवंबर को उसलापुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। सभी कार्यकर्ता निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन से दोपहर करीब 1:30 बजे बिलासपुर पहुंचे। दिल्ली से लौटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में प्रमुख रूप से राजेंद्र शुक्ला, अभय नारायण राय, महेश दुबे, श्रीमती सीमा पांडे, श्रीमती सीमा घृतेश, श्रीमती प्रीति पटनवार, शिवबालक कौशिक, राजेंद्र धीवर, शा. केश मिश्रा, शैलेंद्र निर्मलकर, अभ्युदय तिवारी, अमित साहू, मुन्ना श्रीवास, बिहारी देवांगन, आशुतोष शर्मा, शाहनवाज खान, सोहेल खालिक, संदीप यादव और सुरेश ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
इनके अलावा कोरबा, जांजगीर, रायपुर और गौरेला-पेंड्रा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इसी ट्रेन से वापस लौटे।
पूजा स्पेशल ट्रेन से 400 से अधिक कार्यकर्ताओं को मिला आरक्षण
दिल्ली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वापसी के लिए 2 नवंबर को निजामुद्दीन से दुर्ग के लिए रवाना हुई पूजा स्पेशल ट्रेन काफी सुविधाजनक साबित हुई। इस ट्रेन के संचालन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरक्षण मिलने में राहत मिली। जानकारी के अनुसार, 400 से अधिक कार्यकर्ताओं को आसानी से आरक्षण मिल गया, जिससे दिल्ली से छत्तीसगढ़ वापसी का सफर सुविधाजनक हो सका। ट्रेन निजामुद्दीन से दोपहर 1 बजे रवाना हुई थी और निर्धारित समय से करीब तीन घंटे विलंब से 3 नवंबर को बिलासपुर पहुंची।
महारैली में शामिल होकर लौटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाई। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी एकजुटता के साथ अभियान में हिस्सा लिया।
