Latest news

चाकू की नोक पर युवकों से आईफोन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी अब भी फरार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

मस्तूरी पुलिस और ACCU की कार्रवाई, CCTV व तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस; वारदात में इस्तेमाल चाकू और ₹40 हजार का आईफोन बरामद
बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवकों को चाकू दिखाकर आईफोन लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
चाकू निकालकर रोका, विरोध करने पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी राजीव कौशिक ने थाना मस्तूरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 सितंबर 2026 को शाम करीब 5.40 बजे वह अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहा था। तीनों जब कर्रा रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी फरहदा की ओर से स्कूटी में सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकाला और चाकू दिखाकर गाली-गलौज करते हुए राज केंवट से उसका आईफोन मोबाइल छीनने का प्रयास किया। युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से वार किया और राज केंवट का एप्पल कंपनी का आईफोन, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए थी, लूटकर फरार हो गए।
मारपीट और चाकू से हमला किए जाने के कारण राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट के गर्दन एवं बाएं भुजा में चोटें आईं।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में जगह-जगह लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस एक आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ में साथी के साथ लूट करना कबूला
पुलिस ने संदेह के आधार पर राजकुमार ध्रुव (27), पिता संतोष ध्रुव, निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी शिवम, पिता कांति, निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन मोबाइल बरामद कर लिया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर, साथी की तलाश जारी
मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 609/2026, धारा 309(6) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी राजकुमार ध्रुव को 4 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं, मामले का दूसरा आरोपी शिवम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बरामदगी:
वारदात में प्रयुक्त 1 धारदार चाकू
लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन
मोबाइल की अनुमानित कीमत ₹40,000
गिरफ्तार आरोपी: राजकुमार ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, पिता संतोष ध्रुव, निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।