पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन बोले—करोड़ों के विकास दावों की पहली बारिश में खुल गई पोल, सड़कें तालाब बनीं, जनता जलभराव और जाम से परेशान।
बिलासपुर। लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर में बने जलभराव और अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन ने कहा कि पहली ही तेज बारिश ने स्मार्ट सिटी और विकास के दावों की वास्तविक तस्वीर सामने ला दी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या यही हमारा स्मार्ट सिटी बिलासपुर है या फिर यह डूबापुर बन गया है?”
जावेद मेमन ने आरोप लगाया कि शहर की जनता बारिश से कम और नगर निगम की नाकामी से ज्यादा परेशान हुई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही मूसलाधार बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया, लंबा ट्रैफिक जाम लगा और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया। आम नागरिकों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यदि जिम्मेदार अधिकारी वातानुकूलित कार्यालयों से निकलकर शहर की सड़कों पर उतरें, तो उन्हें नागरिकों की वास्तविक परेशानियों का अंदाजा होगा। उनका कहना था कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को जलभराव, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित यातायात से जूझना पड़ रहा है, तो यह विकास नहीं बल्कि योजना और जवाबदेही की विफलता को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शहर में हर वर्ष मानसून से पहले तैयारियों के दावे किए जाते हैं, लेकिन एक दिन की बारिश ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी। उन्होंने कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है और अब जिम्मेदारी तय होना आवश्यक है।
जावेद मेमन ने कहा कि यदि भविष्य में भी हालात नहीं सुधरे और नागरिकों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा, तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।



